गोलीबारी कांड: अमेरिकी विश्वविद्यालय में आयोजित शोक सभा में भारतीय मूल की छात्रा को याद किया गया
गोलीबारी कांड: अमेरिकी विश्वविद्यालय में आयोजित शोक सभा में भारतीय मूल की छात्रा को याद किया गया
(सीमा हाकू कचरू)
ह्यूस्टन, पांच मार्च (भाषा) अमेरिका के एक शहर में हुई गोलीबारी की घटना में जान गंवाने वाले लोगों की याद में टेक्सास विश्वविद्यालय में सैकड़ों छात्र मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि देने के लिए एकत्रित हुए।
गोलीबारी की इस घटना में भारतीय मूल की 21 वर्षीय एक छात्रा की भी मौत हुई थी।
ऑस्टिन के वेस्ट सिक्स्थ स्ट्रीट में हुई गोलीबारी की घटना में जान गंवाने वाले और घायल हुए लोगों की याद में विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित टावर के पास बुधवार शाम को श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।
ऑस्टिन की मूल निवासी और टेक्सास विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रही छात्रा सविता शान की एक मार्च को हुई इस घटना में मौत हो गई थी।
विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने सप्ताहांत में हुई गोलीबारी की इस घटना में जान गंवाने वाले लोगों के लिए बुधवार देर शाम मोमबत्तियां जलाकर मौन धारण किया।
इस गालीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई थी और एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे।
सविता शान के सहपाठियों और भारतीय समुदाय के सदस्यों ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया।
शोक सभा में शामिल विद्यार्थियों ने मृतकों से जुड़ी यादें साझा कीं और इस घटना से प्रभावित लोगों के लिए समर्थन की अपील की।
विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने बताया कि विद्यार्थियों और कर्मचारियों के लिए परामर्श सेवाएं व अन्य सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
भाषा जितेंद्र संतोष
संतोष

Facebook


