मुश्किल हालात के बावजूद भारतीय टीम सुरंग अभियान जारी रखेगी: राजदूत श्रीवास्तव

मुश्किल हालात के बावजूद भारतीय टीम सुरंग अभियान जारी रखेगी: राजदूत श्रीवास्तव

मुश्किल हालात के बावजूद भारतीय टीम सुरंग अभियान जारी रखेगी: राजदूत श्रीवास्तव
Modified Date: September 3, 2026 / 10:31 pm IST
Published Date: September 3, 2026 10:31 pm IST

काठमांडू, तीन सितंबर (भाषा) भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने बृहस्पतिवार को नेपाल के स्याब्रुबेसी का दौरा किया, जहां भारतीय सुरंग बचाव दल ने अपना आधार केंद्र बनाया है।

उन्होंने कहा कि मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद भारतीय और नेपाली दल बिना रुके बचाव अभियान में जुटे रहेंगे।

भारतीय दल ने बुधवार को स्याब्रुबेसी में अपना आधार केंद्र स्थापित किया था, जिससे चिलिमे पावर हाउस तक पहुंचने में लगने वाला समय कम होगा। चिलिमे पावर हाउस में बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

श्रीवास्तव ने स्याब्रुबेसी का दौरा कर चिलिमे पावर हाउस में भारतीय तकनीकी विशेषज्ञों और नेपाली सेना द्वारा की जा रही सुरंग की खुदाई के काम का निरीक्षण किया।

श्रीवास्तव ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘स्याब्रुबेसी में तैनात हमारी तकनीकी टीम से मुलाकात की। उन्होंने बचाव अभियान के लिए चिलिमे पावर हाउस सुरंग की खुदाई का काम जारी रखा।’’

राजदूत ने कहा कि भारतीय और नेपाली दल विशेष उपकरणों की मदद से सुरंग के भीतर करीब 100 मीटर तक पहले ही पहुंच चुके हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘सुरंग के भीतर आगे बढ़ने के लिए भारी उपकरण लाने की योजना है।’’

श्रीवास्तव ने कहा कि मौके पर हालात मुश्किल है, लेकिन दोनों दल बिना किसी रुकावट के अपना काम जारी रखेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने खुद उस कठिन, दलदली जमीन और चुनौतीपूर्ण इलाके को देखा, जहां हमारा और नेपाली दल आगे बढ़ रहे हैं। परिस्थितियां कठिन होने के बावजूद भारतीय और नेपाली दल बिना रुके अपना काम जारी रखे हुए हैं।’’

भारत ने बुधवार को बाढ़ से प्रभावित नेपाल को पांच टन से अधिक आवश्यक दवाओं की पांचवीं खेप भेजी थी। इसके साथ 11 सदस्यीय बचाव दल भी नेपाल भेजा गया था।

भारत ने नेपाल में एक फोरेंसिक टीम भी भेजी है।

भाषा

राखी माधव

माधव


लेखक के बारे में