थाईलैंड में भारतीय पर्यटक की मौत: दूतावास

थाईलैंड में भारतीय पर्यटक की मौत: दूतावास

थाईलैंड में भारतीय पर्यटक की मौत: दूतावास
Modified Date: May 12, 2026 / 06:22 pm IST
Published Date: May 12, 2026 6:22 pm IST

बैंकाक, 12 मई (भाषा) थाईलैंड के फुकेत में एक कैफे में रहस्यमय तरीके से बेहोश होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराए गए चार पर्यटकों में से एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। भारतीय दूतावास ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

भारतीय नागरिक की मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।

दूतावास ने कहा कि वह थाई अधिकारियों के संपर्क में है और नौ मई को फुकेत में हुई उस घटना पर कड़ी नजर रख रहा है, जिसमें चार भारतीय पर्यटक बेहोश हो गए थे और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘इनमें से एक युवा भारतीय पर्यटक की मृत्यु पर हम संवेदना व्यक्त करते हैं। दूतावास के अधिकारी मृतक के परिवार के संपर्क में हैं और इस दुख की घड़ी में उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।’’

इसमें कहा गया है, ‘‘हम थाईलैंड के संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हैं जो इस घटना की जांच कर रहे हैं और अन्य लोगों के स्वास्थ्य की स्थिति पर भी नजर रख रहे हैं।’

दूतावास ने घटना के बारे में और कोई जानकारी नहीं दी।

थाईलैंड की मीडिया के अनुसार, स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शनिवार तड़के काठू जिले के कमला बीच इलाके में हुई।

कैफे के सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे पांच भारतीय एक साथ कैफे पहुंचे। देर रात, उनमें से चार लोग एक-एक कर बेहोश हो गए।

बैंकॉक पोस्ट के अनुसार, उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

शनिवार दोपहर करीब दो बजे, पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति की मौत हो गई है। अखबार के अनुसार बाकी तीन की हालत स्थिर है।

भाषा

राखी अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में