आईओएस सागर ने दिया हमारी “सामूहिक प्रतिबद्धता” का संदेश : भारत

आईओएस सागर ने दिया हमारी “सामूहिक प्रतिबद्धता” का संदेश : भारत

आईओएस सागर ने दिया हमारी “सामूहिक प्रतिबद्धता” का संदेश : भारत
Modified Date: April 28, 2026 / 08:35 pm IST
Published Date: April 28, 2026 8:35 pm IST

गुरदीप सिंह

सिंगापुर, 28 अप्रैल (भाषा) सिंगापुर में भारतीय उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने कहा है कि “एक साझा उद्देश्य” के तहत 16 समान विचारधारा वाले समुद्री देशों का भारतीय महासागर जहाज आईओएस सागर के माध्यम से एक साथ आना, हमारे साझेदारों की “सामूहिक प्रतिबद्धता” का एक मजबूत संदेश देता है।

आईओएस सागर भारतीय नौसेना की एक अनूठी परिचालन पहल है और ‘एक महासागर, एक मिशन’ की थीम पर आधारित है, इसमें 16 मित्र देशों के 38 अंतरराष्ट्रीय चालक दल के सदस्य शामिल हैं। यह जहाज समुद्री सुरक्षा में सहयोग के लिए दक्षिण-पूर्व एशिया की यात्रा पर है, जिसका उद्देश्य तटीय क्षेत्रों और खुले समुद्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देना है।

भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने सोमवार शाम जहाज पर आयोजित एक विशेष स्वागत समारोह में कहा कि “आईओएस सागर, ‘महासागर’ दृष्टि का एक व्यावहारिक और परिचालनात्मक रूप है, जो साझेदार देशों को प्रशिक्षण, सहयोग और सामूहिक तैयारी के लिए एक साझा मंच पर लाता है।”

उन्होंने कहा कि “हिंद प्रशांत क्षेत्र में मौजूदा जटिल समुद्री वातावरण के बावजूद, आईओएस सागर के माध्यम से 16 समान विचारधारा वाले देशों का एक साझा उद्देश्य और सामूहिक प्रतिबद्धता के साथ एकत्र होना हमारे साझेदारों की ओर से एक मजबूत संदेश देता है कि हम एक स्वतंत्र, खुला और समावेशी क्षेत्र सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

यह दक्षिण पूर्वी एशिया में आईओएस सागर पहल के तहत किसी भारतीय नौसेना जहाज की पहली तैनाती है।

भाषा रंजन नरेश

नरेश


लेखक के बारे में