दुबई, एक फरवरी (एपी) ईरान की संसद के अध्यक्ष ने रविवार को कहा कि यह इस्लामी गणराज्य अब यूरोपीय संघ (ईयू) की सभी सेनाओं को आतंकवादी समूह मानता है।
संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकिर कालिबाफ की यह टिप्पणी पिछले सप्ताह यूरोपीय संघ द्वारा ईरान के अर्धसैनिक बल रिवोल्यूशनरी गार्ड को आतंकवादी संगठन की सूची में शामिल करने के फैसले के बाद आई है। यूरोपीय संघ ने ईरान में देशभर में हुए विरोध प्रदर्शनों पर कड़ी कार्रवाई को लेकर यह कदम उठाया था।
कालिबाफ ने इस घोषणा के लिए 2019 में पारित एक कानून का हवाला दिया। यह कानून तब पारित किया गया था जब अमेरिका ने रिवोल्यूशनरी गार्ड को आतंकवादी संगठन घोषित किया था। इस कानून के तहत ईरान को यह अधिकार दिया गया है कि वह ऐसे किसी भी देश के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करे, जो इसी तरह का निर्णय ले।
कालिबाफ और संसद के अन्य सदस्य रिवोल्यूशनरी गार्ड की वर्दी पहनकर सदन में मौजूद थे। कालिबाफ स्वयं भी अतीत में रिवोल्यूशनरी गार्ड के कमांडर रह चुके हैं।
एपी गोला शोभना
शोभना