ईरानी विदेश मंत्री अराघची अमेरिका से शांति वार्ता के लिए शुक्रवार रात पाकिस्तान आएंगे : रिपोर्ट
ईरानी विदेश मंत्री अराघची अमेरिका से शांति वार्ता के लिए शुक्रवार रात पाकिस्तान आएंगे : रिपोर्ट
इस्लामाबाद, 24 अप्रैल (भाषा) अमेरिका के साथ दूसरे दौर की शांति वार्ता के लिए ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार रात इस्लामाबाद आ सकता है। पाकिस्तानी मीडिया में प्रकाशित खबरों में यह जानकारी दी गयी है।
सरकारी सूत्रों के हवाले से कई पाकिस्तानी मीडिया संस्थानों ने बताया कि अमेरिका की साजो-सामान और सुरक्षा टीम पहले से ही इस्लामाबाद में मौजूद है।
‘डॉन’ ने सूत्रों के हवाले से प्रकाशित खबर में कहा है कि ईरानी विदेश मंत्री अराघची के आज रात एक प्रतिनिधिमंडल के साथ यहां पहुंचने की उम्मीद है।
यह घटनाक्रम उस फोन कॉल के कुछ घंटे बाद सामने आया है, जिसमें पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इसहाक डार तथा अराघची ने अमेरिका-ईरान संघर्षविराम एवं पाकिस्तान के कूटनीतिक प्रयासों पर विचार-विमर्श किया।
अप्रैल 11 और 12 को पाकिस्तान में हुई अमेरिका–ईरान वार्ता का पहला दौर किसी निर्णायक सफलता तक नहीं पहुंच सका, जिसके बाद मेजबान पाकिस्तान ने तनाव कम करने और आगे बातचीत की संभावनाएं बनाए रखने के लिए तीव्र कूटनीतिक प्रयास शुरू किए।
यह युद्ध 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के साथ शुरू हुआ था।
भाषा सुरेश नरेश
नरेश

Facebook


