बैठक के अनुरोध से जुड़े ट्रंप के दावे को ईरानी अधिकारियों ने किया खारिज
बैठक के अनुरोध से जुड़े ट्रंप के दावे को ईरानी अधिकारियों ने किया खारिज
दुबई, 29 जून (एपी) राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को सोशल मीडिया पर कहा कि ईरान ने अमेरिकी अधिकारियों के साथ बैठक का अनुरोध किया था, हालांकि ईरानी अधिकारियों ने कहा कि ऐसी किसी बैठक का कार्यक्रम नहीं था।
हाल के दिनों में होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव बढ़ने के बावजूद, अमेरिकी राष्ट्रपति ने कमजोर पड़ते अंतरिम समझौते को बरकरार रखने की कोशिश की है। इस तनाव से तेल की कीमतें बढ़ सकती हैं और अमेरिकी नागरिकों के बीच ट्रंप का यह दावा कमजोर पड़ सकता है कि अमेरिका में महंगाई घट रही है।
ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ बैठक मंगलवार को कतर के दोहा में होगी।
इससे पहले, सोमवार को ईरान के राष्ट्रपति ने कहा कि जब्त की गई 6 अरब अमेरिकी डॉलर की ईरानी संपत्ति को कतर जारी करेगा, जबकि इस सप्ताहांत फारस की खाड़ी में हुए हमलों के कारण अमेरिका के साथ बातचीत में चुनौतियां पैदा हो गईं।
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान द्वारा इन संपत्तियों का जिक्र किया जाना, ईरानी जनता को अंतरिम समझौते के लिए मनाने की कोशिश जैसा प्रतीत हो रहा है।
एक अहम मध्यस्थ के तौर पर पाकिस्तान ने कहा है कि बातचीत मंगलवार को फिर शुरू होगी।
ट्रंप प्रशासन ने रविवार को कहा कि कुछ भी रद्द नहीं किया गया है और आने वाले दिनों के लिए तकनीकी बातचीत सही रास्ते पर बढ़ रही है।
लेकिन ईरान के वरिष्ठ वार्ताकार काजिम गरीबाबादी ने समाचार एजेंसी ‘इरना’ द्वारा प्रकाशित बयानों में इस बात से इनकार किया कि किसी वार्ता का कार्यक्रम निर्धारित था।
उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि कतर के साथ बातचीत – जिसमें दूसरी तरफ से किये गए वादों को लागू करने पर अनुवर्ती कार्रवाई (फॉलो-अप) भी शामिल है – सामान्य रूप से जारी है, लेकिन दोहा में कार्यकारी समूह के बीच तकनीकी बातचीत होने के बारे में कुछ मीडिया रिपोर्ट की पुष्टि नहीं हुई है।’’
तकनीकी वार्ता में निचले स्तर के राजनयिक किसी ऐसे समझौते की बारीकियों पर काम कर रहे हैं, जिससे ईरान और अमेरिका के शीर्ष नेता फिर से बातचीत की मेज पर आ सकें।
एपी सुभाष दिलीप
दिलीप

Facebook


