ईरान के साथ युद्ध से इज़राइल को हर हफ्ते करीब तीन अरब डॉलर का नुकसान: वित्त मंत्रालय
ईरान के साथ युद्ध से इज़राइल को हर हफ्ते करीब तीन अरब डॉलर का नुकसान: वित्त मंत्रालय
( हरिंदर मिश्रा )
यरुशलम, पांच मार्च (भाषा) ईरान के साथ जारी युद्ध के कारण आर्थिक गतिविधियों पर मौजूदा प्रतिबंधों के चलते इज़राइल को हर सप्ताह लगभग 9.4 अरब शेकेल (करीब तीन अरब अमेरिकी डॉलर) का नुकसान होने की संभावना है। इज़राइली वित्त मंत्रालय ने यह चेतावनी दी है।
‘‘टाइम्स ऑफ इजराइल’’ की एक खबर के अनुसार, वित्त मंत्रालय के महानिदेशक इलान रोम ने होम फ्रंट कमांड प्रमुख मेजर जनरल शाई क्लैपर को भेजे पत्र में आर्थिक गतिविधियों पर लगे प्रतिबंधों में ढील देने का आग्रह किया है ताकि बृहस्पतिवार से कारोबार और कार्यस्थलों को आंशिक रूप से चरणबद्ध तरीके से खोला जा सके।
रोम ने पत्र में कहा कि मौजूदा सुरक्षा स्थिति के अनुरूप रक्षा नीति बनाए रखना आवश्यक है, लेकिन बड़े पैमाने पर अर्थव्यवस्था को बंद रखने से भारी आर्थिक लागत उठानी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि ऐसा समाधान खोजने की जरूरत है जो घरेलू सुरक्षा आवश्यकताओं के साथ-साथ अर्थव्यवस्था की जरूरतों को भी ध्यान में रखे।
रोम ने यह भी उल्लेख किया कि पिछले ढाई वर्षों से सुरक्षा जरूरतों में बढ़ोतरी और युद्ध के प्रभावों के कारण देश की अर्थव्यवस्था पहले ही भारी आर्थिक दबाव झेल रही है।
इज़राइल और अमेरिका द्वारा ईरान के खिलाफ संयुक्त सैन्य अभियान शुरू किए जाने के तुरंत बाद इज़राइल रक्षा बलों (आईडीएफ) के होम फ्रंट कमांड ने पूरे देश के लिए दिशा-निर्देश जारी किए थे। इसके तहत सभी सार्वजनिक सभाओं, शैक्षणिक गतिविधियों और अधिकांश कार्यस्थलों पर प्रतिबंध लगा दिया गया था जबकि केवल आवश्यक सेवाओं से जुड़े कारोबार को संचालन की अनुमति दी गई थी।
इन दिशा-निर्देशों के तहत काम पर जाने के लिए यात्रा को सीमित किया गया है, घर से काम करने को प्रोत्साहित किया गया है और शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का आदेश दिया गया है।
सोमवार को संघर्ष की स्थिति की नयी समीक्षा के बाद होम फ्रंट कमांड ने इन राष्ट्रीय प्रतिबंधों को शनिवार रात तक बढ़ा दिया।
रोम ने क्लैपर से अनुरोध किया कि मौजूदा ‘रेड अलर्ट’ स्तर के बजाय प्रतिबंधों को ‘ऑरेंज अलर्ट’ स्तर पर लाया जाए जिसमें सीमित आर्थिक गतिविधियों की अनुमति दी जा सकती है।
यदि ‘ऑरेंज अलर्ट’ स्तर लागू किया जाता है तो कार्यस्थलों और आर्थिक गतिविधियों को सीमित रूप से चलाने की अनुमति मिल सकेगी बशर्ते कि वे सुरक्षित आश्रयों के निकट हों। हालांकि इस स्तर पर भी शैक्षणिक संस्थान बंद ही रहेंगे।
रोम ने जोर देकर कहा कि सीमित गतिविधियों के तहत अर्थव्यवस्था को होने वाला साप्ताहिक नुकसान लगभग 4.5 अरब शेकेल (करीब 1.5 अरब डॉलर) रहने का अनुमान है, जो मौजूदा ‘रेड अलर्ट’ स्तर की तुलना में आधे से भी कम है।
भाषा मनीषा नरेश
नरेश

Facebook


