इजराइल ने दक्षिण लेबनान में भेजे सैनिक, हिजबुल्ला ने युद्ध के लिए तैयार होने का दावा किया
इजराइल ने दक्षिण लेबनान में भेजे सैनिक, हिजबुल्ला ने युद्ध के लिए तैयार होने का दावा किया
बेरूत, तीन मार्च (एपी) इजराइल ने हिज्बुल्ला के खिलाफ हमले जारी रखते हुए मंगलवार को दक्षिणी लेबनान में अतिरिक्त सैनिक भेजे और 80 से अधिक गांवों के निवासियों को जगह छोड़कर चले जाने को कहा।
वहीं, ईरान समर्थित आतंकवादी समूह हिजबुल्ला ने कहा कि वह आमने-सामने के युद्ध के लिए तैयार है, जिससे क्षेत्र में पहले से ही अस्थिर स्थिति और बिगड़ गई है।
इजराइली सेना ने कहा कि हिजबुल्ला के खिलाफ हमले जारी रखते हुए उसके सैनिक ‘‘दक्षिणी लेबनान में अभियान चला रहे हैं।’’
सेना ने एक बयान में कहा कि उसके जवान सीमा के पास कई स्थानों पर तैनात हैं।
सोमवार तड़के हिज्बुल्ला द्वारा उत्तरी इजराइल की ओर रॉकेट और ड्रोन दागे जाने के बाद झड़पें शुरू हुईं। इजराइल ने जवाबी कार्रवाई करते हुए लेबनान में हवाई हमले किए, जिनमें 52 लोग मारे गए और 150 से अधिक लोग घायल हुए तथा हजारों लोग विस्थापित हो गए।
इजराइली सेना के प्रवक्ता अविचाई अद्राई ने 80 से अधिक गांवों और कस्बों के निवासियों को चेतावनी जारी करते हुए उनसे इलाका छोड़ने को कहा और साथ ही यह भी कहा कि अगली सूचना तक लोगों को इन क्षेत्रों में वापस नहीं लौटना चाहिए।
हिजबुल्ला के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इजराइल द्वारा लेबनान पर लगातार हमले जारी रहने के बावजूद एक साल से अधिक समय तक युद्धविराम का पालन करने के बाद, समूह का धैर्य समाप्त हो गया है।
अधिकारी ने कहा कि अब उसके पास ‘‘प्रतिरोध की ओर लौटने’’ और इजराइल के साथ खुला युद्ध लड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।
इजराइल हिजबुल्ला के साथ एक साल से अधिक समय तक चली लड़ाई के खत्म होने पर नवंबर 2024 में संघर्षविराम के बाद से दक्षिणी लेबनान में पांच ठिकानों पर मौजूद है। लेफ्टिनेंट कर्नल नदाव शोशानी ने कहा कि नयी तैनाती उन पांच ठिकानों के अतिरिक्त है और इसका उद्देश्य इजराइली सीमावर्ती कस्बों पर हमलों को रोकना है।
एपी शफीक नरेश
नरेश

Facebook


