इजराइली सैनिकों ने विस्थापितों के लिए रास्ता खोलने के बाद गाजा के मुख्य अस्पताल पर धावा बोला

Ads

इजराइली सैनिकों ने विस्थापितों के लिए रास्ता खोलने के बाद गाजा के मुख्य अस्पताल पर धावा बोला

  •  
  • Publish Date - February 15, 2024 / 03:41 PM IST,
    Updated On - February 15, 2024 / 03:41 PM IST

रफाह (गाजा पट्टी), 15 फरवरी (एपी) गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इजराइली बलों ने लंबे गतिरोध के बाद बृहस्पतिवार को दक्षिणी भाग में स्थित एक मुख्य अस्पताल पर धावा बोल दिया।

इजराइल ने कहा कि उसने खान यूनिस शहर के नासिर अस्पताल में शरण लिए हुए हजारों विस्थापित फलस्तीनियों के जाने के लिए एक रास्ता खोल दिया है जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग अस्पताल से निकले।

चिकित्सकों के अनुसार, इजराइली सेना ने बृहस्पतिवार तड़के दक्षिणी गाजा के मुख्य अस्पताल पर गोलीबारी की, जिसमें एक मरीज की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। सेना ने अस्पताल परिसर से हजारों विस्थापित लोगों को निकालने की कोशिश की।

इस बीच, बुधवार को दक्षिणी लेबनान में इजराइली हवाई हमलों में कम से कम 13 लोग मारे गए। इनमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे थे। गाजा के हमास कट्टरपंथियों के सहयोगी लेबनानी आतंकवादी समूह हिजबुल्लाह के तीन लड़ाके भी मारे गए।

ये हमले लेबनान से रॉकेट हमले में एक इजराइली सैनिक की मौत के कुछ ही घंटों बाद हुए, जो गाजा में 7 अक्टूबर को युद्ध शुरू होने के बाद से सीमा पर सबसे भयावह गोलीबारी थी। इसने व्यापक संघर्ष के जोखिमों को भी रेखांकित किया।

गाजा में संघर्षविराम को लेकर बातचीत रुकी हुई है और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हमास के नष्ट होने तथा 7 अक्टूबर के हमले के दौरान बंधक बनाए गए लोगों की रिहाई तक हमले जारी रखने की कसम खाई है।

एपी वैभव नेत्रपाल

नेत्रपाल