गाजा में इजराइल के हमलों में दो बच्चों और गर्भवती महिला समेत 12 लोगों की मौत
गाजा में इजराइल के हमलों में दो बच्चों और गर्भवती महिला समेत 12 लोगों की मौत
काहिरा, 15 मार्च (एपी) गाजा में रविवार को इजराइली हवाई हमलों में दो बच्चों, एक गर्भवती महिला और आठ पुलिसकर्मियों समेत कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई। अस्पताल के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मध्य गाजा के नुसीरत में शहरी शरणार्थी शिविर पर हुए हमले में 30 साल की उम्र के पति-पत्नी और उनके 10 साल के बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई। नजदीकी अल-अक्सा शहीद अस्पताल ने यह जानकारी दी।
अस्पताल ने बताया कि महिला गर्भवती थी।
इसके अलावा नुसीरत में ही 15 वर्षीय लड़के की मौत हो गई। उसे अवदा अस्पताल ले जाया गया था।
मोहम्मद अल मुहतसिब नामक पड़ोसी ने बताया, “हम सो रहे थे, तभी मिसाइल हमला हुआ जिसकी आवाज सुनकर हम उठ गए। हमला बहुत जोरदार था। पहले कोई चेतावनी नहीं दी गई थी।”
हमास प्रशासन के गृह मंत्रालय ने बताया कि इसके अलावा रविवार को ही जवैदा शहर में सलाह अल दीन नामक मार्ग पर पुलिस वाहन पर हुए हमले में आठ पुलिस कर्मियों की मौत हो गई।
एपी जोहेब नरेश
नरेश

Facebook


