जयशंकर ने साइप्रस में यूरोपीय संघ के विदेश मंत्रियों से मुलाकात कर साझा हितों पर चर्चा की
जयशंकर ने साइप्रस में यूरोपीय संघ के विदेश मंत्रियों से मुलाकात कर साझा हितों पर चर्चा की
(तस्वीरों के साथ)
निकोसिया, 28 मई (भाषा) विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बृहस्पतिवार को साइप्रस में यूरोपीय संघ (ईयू) के सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों की एक अनौपचारिक बैठक में हिस्सा लिया और उभरती बहुध्रुवीय वैश्विक व्यवस्था में “व्यावहारिक सहयोग” एवं “साझा हितों” पर चर्चा की।
जयशंकर पश्चिम एशिया में संघर्ष और अन्य भू-राजनीतिक मुद्दों के बीच लिमासोल में आयोजित बैठक में शामिल होने के लिए बुधवार को साइप्रस पहुंचे। यह बैठक जिम्निच फोरम के नाम से जानी जाती है।
विदेश मंत्री ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “यूरोपीय संघ के साथ हमारी साझेदारी कई क्षेत्रों में लगातार गहरी होती जा रही है। हमने उभरती बहुध्रुवीय व्यवस्था में अवसरों, व्यावहारिक सहयोग और हमारे साझा हितों पर चर्चा की।”
जयशंकर ने जिम्निच फोरम से इतर यूरोपीय संघ के विदेश मंत्री और स्पेन सरकार में सहयोग मंत्री जोस मैनुअल अल्बारेस से भी मुलाकात की। उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “हमने व्यापार, प्रौद्योगिकी, रक्षा और लोगों से लोगों के संबंधों को बढ़ाने के लिए आगे के कदमों पर चर्चा की। वैश्विक और क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर उनके (जोस मैनुअल) विचारों की सराहना करता हूं।”
जिम्निच फोरम यूरोपीय संघ के सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों की अनौपचारिक बैठक है, जो प्रमुख भू-आर्थिक चुनौतियों, सुरक्षा और रणनीतिक मामलों पर चर्चा करने के लिए समय-समय पर आयोजित की जाती है।
जयशंकर ने जिम्निच फोरम से इतर नीदरलैंड, पोलैंड, फ्रांस, स्लोवाकिया और एस्टोनिया के विदेश मंत्रियों और पोलैंड के उप प्रधानमंत्री राडोस्लाव सिकोरस्की के साथ भी संक्षिप्त बैठकें कीं।
भाषा पारुल माधव
माधव

Facebook


