जयशंकर ने मॉरीशस के राष्ट्रपति से मुलाकात की
जयशंकर ने मॉरीशस के राष्ट्रपति से मुलाकात की
(तस्वीर के साथ)
पोर्ट लुईस, 10 अप्रैल (भाषा) विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को मॉरीशस के राष्ट्रपति धरमबीर गोखूल से मुलाकात की और उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
गोखूल से मुलाकात के बाद जयशंकर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “हमारी बातचीत हमारी दोस्ती की गर्मजोशी और भारत-मॉरीशस साझेदारी को आगे बढ़ाने की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है।”
जयशंकर नौवें हिंद महासागर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए पोर्ट लुईस में हैं। उन्होंने मॉरीशस के पूर्व प्रधानमंत्री और मिलिटेंट सोशलिस्ट मूवमेंट (एमएसएम) पार्टी के नेता प्रविंद कुमार जगन्नाथ से भी मुलाकात की।
जयशंकर ने कहा, “भारत-मॉरीशस साझेदारी के प्रति उनकी (जगन्नाथ) दृढ़ प्रतिबद्धता का सम्मान करता हूं।”
विदेश मंत्री ने नेपाल, भूटान और सेशेल्स के अपने समकक्षों से भी मुलाकात की तथा द्विपक्षीय और पारस्परिक हितों के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
जयशंकर ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “आज दोपहर नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल से मिलकर खुशी हुई। उन्हें उनकी नियुक्ति पर बधाई दी। विभिन्न क्षेत्रों में गहन सहयोग के जरिये भारत-नेपाल साझेदारी की पूरी क्षमता का इस्तेमाल करने पर चर्चा की।”
उन्होंने भूटान के विदेश मंत्री डीएन धुंग्येल के साथ अपनी “सौहार्दपूर्ण बातचीत” का जिक्र करते हुए लिखा, “हमारी अनूठी और समय की कसौटी पर खरी उतरने वाली साझेदारी लगातार आगे बढ़ रही है और मजबूत हो रही है।”
सेशेल्स के विदेश मंत्री बैरी फॉरे से मुलाकात के बारे में जयशंकर ने कहा, “भारत वर्तमान आर्थिक चुनौतियों से निपटने में सेशेल्स को सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है। हम विशेष आर्थिक पैकेज को लागू करने की दिशा में उठाए गए कदमों का स्वागत करते हैं।”
एक दिन पहले, जयशंकर ने 11 सामुदायिक परियोजनाओं का उद्घाटन और आईजीओटी कर्मयोगी पोर्टल की शुरूआत कर मॉरीशस के विकास के प्रति भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि की थी।
दोनों देशों में हुए प्रमुख समझौतों में उच्च शिक्षा और जलविज्ञान सहयोग को भी शामिल किया गया है।
जयशंकर ने बृहस्पतिवार को घोषणा की थी कि भारत जल्द ही मॉरीशस में एक रक्षा अताशे तैनात करेगा। उन्होंने कहा था, “इससे हमारी बढ़ती साझेदारी को निश्चित रूप से मजबूती मिलेगी।”
मॉरीशस से जयशंकर इस सप्ताहांत संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) रवाना होंगे।
भाषा पारुल अविनाश
अविनाश

Facebook


