उषा से पहली मुलाकात में ही मोहित हो गए थे जेडी वेंस, संस्मरण में किया खुलासा

उषा से पहली मुलाकात में ही मोहित हो गए थे जेडी वेंस, संस्मरण में किया खुलासा

उषा से पहली मुलाकात में ही मोहित हो गए थे जेडी वेंस, संस्मरण में किया खुलासा
Modified Date: May 13, 2026 / 10:29 am IST
Published Date: May 13, 2026 10:29 am IST

वाशिंगटन, 13 मई (भाषा) अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने अपनी नयी पुस्तक में बताया है कि कॉलेज के दौरान उनकी मुलाकात उनकी पत्नी उषा से कैसे हुई और वह उनसे इतने ‘‘मोहित’’ हो गए थे कि उन्होंने अपने दोस्तों से कह दिया था कि या तो वह ‘‘इस लड़की से शादी करेंगे’’ या फिर ‘‘जीवनभर अविवाहित रहेंगे।’’

अपने नए संस्मरण ‘कम्यूनियन : फाइंडिंग माय वे बैक टू फेद’ में वेंस ने लिखा है कि वह उषा की सुंदरता, बुद्धिमत्ता और अलग अंदाज से कैसे आकर्षित हुए थे, जो बाद में उनकी पत्नी बनीं। इस संस्मरण के कुछ अंश ‘यूएसए टुडे’ ने प्रकाशित किए हैं।

येल लॉ स्कूल में उषा बाला चिलुकुरी से मिलने वाले वेंस ने कहा कि वह पहली ऐसी व्यक्ति थीं, जिनके लिए उन्होंने सच्चा प्रेम महसूस किया।

वेंस ने लिखा है, ‘‘मैंने अपने दोस्तों से कहा था कि मैं इस लड़की से शादी करूंगा, अन्यथा मैं जीवनभर कुंवारा रहूंगा।’’

यह पुस्तक अगले महीने प्रकाशित होगी।

वेंस ने लिखा, ‘‘जब मैं पहली बार उषा से मिला, तो उनकी कई बातें मुझे असामान्य लगीं। उनमें से एक यह थी कि वह बेहद प्रतिस्पर्धी थीं, लेकिन मुझे यह आकर्षक से ज्यादा अजीब लगा।’’

उन्होंने लिखा, ‘‘उनमें ईर्ष्या नाम की चीज नहीं थी, जिसे मैं उनके अद्भुत आत्मविश्वास का परिणाम मानता था। लेकिन जब मैंने उनसे पूछा कि वह जीवन में क्या करना चाहती हैं तो मैं यह देखकर हैरान रह गया कि उन्हें पारंपरिक सफलता के प्रतीकों में बिल्कुल रुचि नहीं थी।’’

वेंस ने 2014 में उषा से शादी की थी और यह दंपति जुलाई में अपने चौथे बच्चे के माता-पिता बनने वाले हैं।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने कहा कि वह ईसाई धर्म को मानने वाले व्यक्ति से नास्तिक बने और फिर कैथोलिक धर्म के प्रति रुझान बढ़ा। उन्होंने 2019 में कैथोलिक धर्म अपनाया और कहा कि इस नए विश्वास ने उन्हें वह उद्देश्य दिया, जो उन्हें येल विश्वविद्यालय की शिक्षा या वित्तीय क्षेत्र में काम करने से नहीं मिला था।

वेंस की पहली पुस्तक ‘हिलबिली एलेगी’ है, जिसमें उनके बचपन की कहानी है जो हिंसा, शराबखोरी और गरीबी से प्रभावित था। उनकी यह पुस्तक काफी पंसद की गयी और उस पर एक फिल्म भी बनाई गई है।

भाषा गोला वैभव

वैभव


लेखक के बारे में