खैबर पख्तूनख्वा सरकार ने हिंदू समुदाय के कल्याण के लिए 18.45 करोड़ पाकिस्तानी रुपये आवंटित किए

खैबर पख्तूनख्वा सरकार ने हिंदू समुदाय के कल्याण के लिए 18.45 करोड़ पाकिस्तानी रुपये आवंटित किए

खैबर पख्तूनख्वा सरकार ने हिंदू समुदाय के कल्याण के लिए 18.45 करोड़ पाकिस्तानी रुपये आवंटित किए
Modified Date: June 12, 2026 / 11:19 am IST
Published Date: June 12, 2026 11:19 am IST

पेशावर, 12 जून (भाषा) पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान हिंदू समुदाय के कल्याण और पुनर्वास के लिए 18.45 करोड़ पाकिस्तानी रुपये आवंटित किए हैं।

हिंदू सभा के अध्यक्ष राजेश कुमार के नेतृत्व में हिंदू समुदाय के एक प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को यहां ‘इंसाफ माइनॉरिटी विंग खैबर पख्तूनख्वा’ के अध्यक्ष वजीरजादा से मुलाकात की।

बैठक में प्रांत में हिंदू समुदाय के कल्याण और विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

वजीरजादा ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि प्रांतीय सरकार ने हिंदू समुदाय के कल्याण के लिए 18.45 करोड़ पाकिस्तानी रुपये आवंटित किए हैं। उन्होंने कहा कि इस राशि का उपयोग पूरे प्रांत में मंदिरों, श्मशान घाटों तथा समुदाय से जुड़ी अन्य सुविधाओं के पुनर्वास और रखरखाव के लिए किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मौजूदा वित्त वर्ष के दौरान अल्पसंख्यक समुदायों के लिए सुविधाओं में सुधार से संबंधित अनेक कल्याणकारी और विकास परियोजनाएं पूरी की जा चुकी हैं, जबकि कई अन्य योजनाएं विभिन्न चरणों में हैं।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने हिंदू समुदाय के समक्ष मौजूद विभिन्न समस्याओं और चुनौतियों को उठाया तथा उनके समाधान और सामुदायिक सेवाओं एवं बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए कई सुझाव भी दिए।

वजीरजादा ने आश्वासन दिया कि इन मुद्दों को खैबर पख्तूनख्वा के धार्मिक एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री अदनान कादरी के समक्ष उठाया जाएगा ताकि उन पर उचित विचार किया जा सके और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो।

उन्होंने धार्मिक अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा तथा प्रांत के विकास की प्रक्रिया में उनकी समान भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रति प्रांतीय सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

प्रतिनिधिमंडल ने अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए प्रांतीय सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

भाषा मनीषा शोभना

शोभना


लेखक के बारे में