किम पार्टी सम्मेलन में पेश कर सकते हैं अगले पांच वर्षों की रणनीति
किम पार्टी सम्मेलन में पेश कर सकते हैं अगले पांच वर्षों की रणनीति
सियोल, आठ फरवरी (एपी) उत्तर कोरिया इस महीने के अंत में एक बड़ा पार्टी सम्मेलन आयोजित करने जा रहा है, जिसमें नेता किम जोंग उन अगले पांच वर्षों के लिए देश की घरेलू और विदेश नीति की रूपरेखा पेश कर सकते हैं। सरकारी मीडिया ने रविवार को यह जानकारी दी।
सत्तारूढ़ ‘वर्कर्स पार्टी’ का यह सम्मेलन ऐसे समय में हो रहा है, जब उत्तर कोरिया ने हाल के वर्षों में अपने परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम तेज किए हैं। यूक्रेन युद्ध के बाद रूस के साथ उसके रिश्ते और गहरे हुए हैं, लेकिन इससे अमेरिका और दक्षिण कोरिया के साथ उसका तनाव भी बढ़ गया है।
इस तरह का सम्मेलन इससे पहले किम ने वर्ष 2016 और 2021 में आयोजित किया था।
उत्तर कोरिया की ‘कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी’ (केसीएनए) ने खबर में बताया कि किम जोंग उन की अध्यक्षता में पार्टी के राजनीतिक ब्यूरो की बैठक हुई, जिसमें फैसला लिया गया कि सम्मेलन फरवरी के अंत में आयोजित किया जाएगा। हालांकि, सरकारी मीडिया ने अभी इसकी तारीख या एजेंडा का खुलासा नहीं किया है।
यह सम्मेलन कई दिनों तक चल सकता है। हाल के हफ्तों में किम ने हथियारों के परीक्षणों की निगरानी की है और सैन्य ठिकानों तथा आर्थिक परियोजनाओं का दौरा किया है।
सरकारी मीडिया ने उनकी उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा है कि उनके नेतृत्व में देश की सैन्य क्षमताएं मजबूत हुई हैं और राष्ट्रीय विकास को गति मिली है।
उनकी हाल की गतिविधियों और बयानों से संकेत मिलता है कि किम इस सम्मेलन में ‘आत्मनिर्भरता’ और जनभागीदारी के माध्यम से आर्थिक विकास पर जोर देंगे। इसके साथ ही, वह परमाणु हथियारों से लैस सेना की क्षमताओं को और बढ़ाने की योजना भी पेश करेंगे, जिसमें पारंपरिक हथियार प्रणालियों को उन्नत करना और उन्हें परमाणु बलों के साथ एकीकृत करना शामिल हैं।
एपी खारी सुरभि
सुरभि

Facebook


