मचाडो ने वेनेजुएला लौटने का संकेत दिया

मचाडो ने वेनेजुएला लौटने का संकेत दिया

मचाडो ने वेनेजुएला लौटने का संकेत दिया
Modified Date: March 2, 2026 / 09:59 am IST
Published Date: March 2, 2026 9:59 am IST

काराकस, दो मार्च (एपी) वेनेजुएला की विपक्ष की नेता एवं 2025 के नोबेल शांति पुरस्कार की विजेता मारिया कोरिना मचाडो ने रविवार को कहा कि वह आने वाले हफ्तों में वेनेजुएला लौटेंगी और देश में चुनाव कराए जाएंगे।

हालांकि, मचाडो ने वापसी की कोई तारीख नहीं बताई, लेकिन कहा कि उनका एक लक्ष्य आगामी चुनावों में “बड़ी जीत” के लिए तैयारी करना है।

सोशल मीडिया पर साझा एक संदेश में नोबेल पुरस्कार विजेता ने अपने समर्थकों से अपील की कि वे “प्राइमरी चुनाव में दिखाई गई वेनेजुएला वासियों की एकता को और मजबूत करें।’’

उन्होंने 2023 की उस प्रक्रिया का संदर्भ दिया, जिसमें पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए एक साझा उम्मीदवार चुनने के उद्देश्य से वोटिंग हुई थी और उसमें मचाडो ने जीत हासिल की थी।

जनवरी में अमेरिका के सैन्य अभियान में मादुरो और उनकी पत्नी के पकड़े जाने के बाद से सत्ता संभाल रहीं कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रीगेज ने चेतावनी दी है कि अगर मचाडो देश लौटती हैं, तो उन्हें “जवाबदेह ठहराया जाएगा।’’

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि वेनेजुएला में बदलाव कई चरणों में होना चाहिए—पहले हालात स्थिर हों, फिर अर्थव्यवस्था सुधरे और उसके बाद सत्ता परिवर्तन हो।

उन्होंने यह संकेत नहीं दिया कि जल्द चुनाव हो सकते हैं।

वेनेजुएला में लोकतांत्रिक परिवर्तन के लिए संघर्ष के मद्देनजर मचाडो को पिछले साल नोबेल शांति पुरस्कार प्रदान किया गया था। बाद में उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को अपना पदक दे दिया था, जिस पर विवाद भी हुआ।

जुलाई 2024 के चुनाव में जब मादुरो को विजेता घोषित किया गया था, तो विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। विपक्ष ने दावा किया कि उसके पास पुख्ता सबूत हैं कि असली विजेता एडमुंडो गोंजालेस थे, जिन्हें मचाडो को चुनाव लड़ने से रोके जाने के बाद उनकी जगह उम्मीदवार बनाया गया था।

एपी खारी वैभव

वैभव


लेखक के बारे में