न्यूयॉर्क फिल्म महोत्सव में मणिपुरी फिल्म ‘बूंग’ ने जीते तीन पुरस्कार
न्यूयॉर्क फिल्म महोत्सव में मणिपुरी फिल्म ‘बूंग’ ने जीते तीन पुरस्कार
(योषिता सिंह)
न्यूयॉर्क, दो जून (भाषा) बाफ्टा पुरस्कार विजेता मणिपुरी फिल्म ‘बूंग’ ने हाल ही में संपन्न न्यूयॉर्क भारतीय फिल्म महोत्सव में तीन पुरस्कार अपने नाम किए हैं, जिनमें मुख्य भूमिका निभाने वाले युवा कलाकार को दिया गया सर्वश्रेष्ठ बाल अभिनेता का सम्मान भी शामिल है।
चार दिवसीय न्यूयॉर्क भारतीय फिल्म महोत्सव (एनवाईआईएफएफ)-2026 रविवार को एक पुरस्कार समारोह के साथ संपन्न हुआ, जिसमें भारतीय सिनेमा की उत्कृष्ट कृतियों को दस प्रतिस्पर्धी श्रेणियों में सम्मानित किया गया।
यह महोत्सव 28 से 31 मई तक आयोजित हुआ, जिसमें 15 भाषाओं की विविध फिल्मों का प्रदर्शन किया गया।
यह इस बात को रेखांकित करता है कि समकालीन भारतीय सिनेमा में क्षेत्रीय कहानियों का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। यह आयोजन उत्तरी अमेरिका के सबसे लंबे समय से चल रहे भारतीय स्वतंत्र सिनेमा महोत्सव में फिल्म निर्माताओं और कलाकारों को एक साथ लाया।
इस वर्ष के फिल्म महोत्सव का आयोजन इंडो-अमेरिकन आर्ट्स काउंसिल (आईएएसी) की ओर से किया गया था, जिसमें 19 फीचर फिल्में, चार वृत्तचित्र एवं 27 लघु फिल्में शामिल थीं। इनमें कई विश्व प्रीमियर भी थी, साथ ही एक विशेष एलजीबीटीक्यू शॉर्ट्स कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।
फिल्म महोत्सव का शीर्ष सम्मान फिल्म ‘बख्शो बोंदी’ को मिला, जिसे सर्वश्रेष्ठ फिल्म चुना गया। वहीं, इस वर्ष फरवरी में प्रतिष्ठित बाफ्टा पुरस्कार की ‘सर्वश्रेष्ठ बाल एवं पारिवारिक फिल्म’ श्रेणी में इतिहास रचने वाली मणिपुरी फिल्म ‘बूंग’ ने शाम का सबसे बड़ा विजेता बनकर तीन पुरस्कार अपने नाम किए।
इसे फिल्म क्रिटिक्स सर्कल ऑफ इंडिया द्वारा चयनित सर्वश्रेष्ठ डेब्यू फिल्म, लक्ष्मीप्रिया देवी के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और गुगुन किपगेन के लिए सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार का पुरस्कार मिला।
निखिल यादव को फिल्म ‘विमुक्त’ में उनके अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता चुना गया, जबकि मीनाक्षी जयन ने ‘विक्टोरिया’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार जीता।
सर्वश्रेष्ठ पटकथा का सम्मान निखिल महाजन और प्राजक्त देशमुख को उनकी फिल्म ‘तिघे’ के लिए मिला।
गैर-कथेतर श्रेणियों में ‘डेजा वू’ को सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र का पुरस्कार मिला, ‘वाई’ ने सर्वश्रेष्ठ लघु वृत्तचित्र का खिताब जीता, जबकि ‘जोज टर्न’ को ‘बेस्ट नैरेटिव शॉर्ट’ का पुरस्कार मिला।
यह महोत्सव एक भव्य पुरस्कार समारोह के साथ संपन्न हुआ, जिसमें भारतीय-अमेरिकी प्रवासी समुदाय के प्रमुख सदस्य, फिल्म निर्माता और फिल्म प्रेमी शामिल हुए।
आईएएसी के अध्यक्ष डॉ. निर्मल मट्टू ने महोत्सव शुरू होने से पहले कहा था कि फिल्म महोत्सव एक मजबूत सांस्कृतिक सेतु के रूप में कार्य करता है।
उन्होंने कहा, ‘‘2026 की लाइनअप और नामांकन भारतीय सिनेमा की समृद्धि, विविधता और कलात्मक उत्कृष्टता को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने की हमारी प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हैं।”
भाषा रंजन प्रशांत
प्रशांत

Facebook


