मुनीर और अराघची ने पश्चिम एशिया संघर्ष समाप्त करने के प्रयासों के तहत ईरान में बातचीत की

मुनीर और अराघची ने पश्चिम एशिया संघर्ष समाप्त करने के प्रयासों के तहत ईरान में बातचीत की

मुनीर और अराघची ने पश्चिम एशिया संघर्ष समाप्त करने के प्रयासों के तहत ईरान में बातचीत की
Modified Date: May 23, 2026 / 03:50 pm IST
Published Date: May 23, 2026 3:50 pm IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 23 मई (भाषा) पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने पश्चिम एशिया संघर्ष समाप्त करने और क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित करने के प्रयासों के तहत ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से बातचीत की। ईरान सरकार ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पाकिस्तानी सेना ने बताया कि मुनीर अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते के प्रयासों को तेज करने के लिए एक महत्वपूर्ण यात्रा पर शुक्रवार को तेहरान पहुंचे। सेना ने कहा कि यह यात्रा ‘‘मध्यस्थता के जारी प्रयासों के तहत’’ की गई।

मुनीर के तेहरान पहुंचने पर ईरान के गृह मंत्री एस्कंदर मोमेनी ने उनकी अगवानी की।

सेना ने बताया कि मुनीर के करीबी माने जाने वाले एवं पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी पहले ही तेहरान में हैं और शीर्ष ईरानी अधिकारियों से बातचीत कर रहे हैं।

ईरान सरकार द्वारा सोशल मीडिया पर जारी एक बयान के अनुसार, मुनीर ने तेहरान में अराघची से मुलाकात की और ‘‘तनाव को और बढ़ने से रोकने तथा पश्चिम एशिया में शांति, स्थिरता एवं सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजनयिक प्रयासों’’ पर चर्चा की।

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी (आईआरएनए) ने खबर दी कि दोनों नेताओं के बीच बातचीत देर रात तक जारी रही।

फील्ड मार्शल की करीब एक महीने में ईरान की यह दूसरी यात्रा है।

पाकिस्तान ईरान युद्ध में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। इस संघर्ष के कारण ऊर्जा की गंभीर कमी पैदा हो गई है और दुनियाभर की अर्थव्यवस्थाओं पर असर पड़ा है।

कई विश्लेषकों का कहना है कि पाकिस्तान पर ईरान एवं अमेरिका दोनों भरोसा करते हैं।

इस्लामाबाद ने शांति वार्ता के लिए दोनों पक्षों के वरिष्ठ नेताओं की पिछले महीने मेजबानी की थी। यह 1979 के बाद इस तरह की पहली वार्ता थी, लेकिन इस दौरान दोनों पक्ष किसी समझौते पर नहीं पहुंच सके थे।

माना जाता है कि वार्ता में मुख्य अड़चनें ईरान का परमाणु कार्यक्रम और होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण हैं।

भाषा सिम्मी पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में