म्यांमा की सैन्य सरकार ने 10 हजार से अधिक कैदियों को दी माफी
म्यांमा की सैन्य सरकार ने 10 हजार से अधिक कैदियों को दी माफी
बैंकॉक, दो मार्च (एपी) म्यांमा के सैन्य शासन प्रमुख ने 10,000 से अधिक कैदियों को माफी दी है और अन्य की सजा में कटौती की है। सरकारी मीडिया ने सोमवार को यह जानकारी दी।
हालांकि, 2021 के सैन्य तख्तापलट में सत्ता से बेदखल की गईं पूर्व नेता आंग सान सू की की रिहाई का कोई संकेत नहीं है। सू की को तब से लगभग पूरी तरह बाहरी संपर्क से दूर रखा गया है।
यह माफी संसद के पांच साल से अधिक समय बाद होने जा रहे पहले सत्र से करीब दो सप्ताह पहले दी गई है। हालिया चुनाव के बाद यह सत्र आहूत किया गया। हालांकि, आलोचकों ने कहा था ये चुनाव न तो पारदर्शी थे और न ही निष्पक्ष।
सरकारी टेलीविजन ‘एमआरटीवी’ की खबर के मुताबिक, सैन्य शासन प्रमुख सीनियर जनरल मिन आंग ह्लाइंग ने किसानों के सम्मान में मनाए जाने वाले राष्ट्रीय अवकाश ‘किसान दिवस’ पर 10,162 कैदियों को माफ किया जिनमें से 7,337 कैदी आतंकवाद रोधी कानून के तहत दोषी ठहराए गए थे।
एक अलग बयान में कहा गया कि इसी कानून के तहत मुकदमों का सामना कर रहे या या छिपे 12,487 लोगों को भी माफी दी जाएगी और उनके खिलाफ उकसावे से जुड़े मामले बंद किए जाएंगे।
इस कानून में मृत्युदंड तक का प्रावधान है और 2021 के बाद से इसका इस्तेमाल राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों, पत्रकारों और असहमति जताने वाले लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजने में व्यापक रूप से किया गया है।
एक अन्य बयान के अनुसार, 10 विदेशी नागरिकों को भी रिहा कर म्यांमा से निर्वासित किया जाएगा।
कैदियों की रिहाई सोमवार से शुरू हुई है, लेकिन इसमें कुछ दिन लग सकते हैं। रिहा किए गए लोगों की पहचान तत्काल उपलब्ध नहीं हो सकी है।
राजनीतिक कैदियों का विवरण रखने वाले स्वतंत्र संगठन ‘असिस्टेंस एसोसिएशन फॉर पॉलिटिकल प्रिजनर्स’ के अनुसार, पिछले शुक्रवार तक 22,800 से अधिक राजनीतिक बंदी हिरासत में थे।
इनमें 80 वर्षीय सू की भी शामिल हैं, जो उन मुकदमों में दोषी ठहराए जाने के बाद 27 साल की सजा काट रही हैं, जिन्हें उनके समर्थकों ने राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है।
एपी खारी गोला
गोला

Facebook


