नासा ने छह महीने तक संपर्क नहीं होने के बाद ‘मार्स मेवेन’ अंतरिक्ष यान को निष्क्रिय घोषित किया
नासा ने छह महीने तक संपर्क नहीं होने के बाद ‘मार्स मेवेन’ अंतरिक्ष यान को निष्क्रिय घोषित किया
केप केनवरल, चार जून (एपी) नासा ने मंगल ग्रह के मिशन पर गए अपने अंतरिक्ष यान ‘मार्स मेवन’ से छह महीने तक कोई संपर्क न होने के बाद उसे निष्क्रिय घोषित कर दिया। अंतरिक्ष एजेंसी ने बुधवार को एक दशक से अधिक समय तक चले इस मिशन के समाप्त होने की पुष्टि की।
नासा के परियोजना प्रबंधक माइक मोरो ने बताया, “इस अभियान के समाप्त होने से टीम को सचमुच अपने किसी प्रियजन के खोने जैसे दुख हुआ है।”
मंगल ग्रह के वायुमंडल का अध्ययन करने के लिए 2013 में प्रक्षेपित किये गये ‘मेवेन’ अंतरिक्ष यान से मंगल ग्रह के पीछे से गुजरते समय दिसंबर की शुरुआत में रहस्यमय तरीके से संपर्क टूट गया था।
नासा द्वारा जारी आंकड़ों में सामने आया कि अंतरिक्ष यान तीव्र गति से घूमने लगा, जिससे उसकी कक्षा बाधित हुई और उसमें लगी बैटरी खत्म हो गईं।
इस साल की शुरुआत में नासा द्वारा गठित एक समीक्षा बोर्ड ने निष्कर्ष निकाला कि अंतरिक्ष यान निष्क्रिय हो गया है और इसे वापस नहीं लाया जा सकता।
बोर्ड ने उम्मीद जताई कि यह अगले 50 से 100 वर्षों तक मंगल ग्रह की कक्षा में रहेगा और फिर उससे टकरा जाएगा, जिससे तब तक अन्य अंतरिक्ष यानों को कोई समस्या नहीं होगी।
बोर्ड ने बताया कि समस्या के कारणों की जांच जारी है।
कोलोराडो बोल्डर विश्वविद्यालय की प्रोफेसर और ‘मेवेन’ की प्रमुख वैज्ञानिक शैनन करी ने बताया, “टीम इस घटना से बेहद दुखी है लेकिन साथ ही हमें पिछले दशक में हासिल की गई वैज्ञानिक उपलब्धियों पर बेहद गर्व भी है।”
करी ने बताया कि इस अंतरिक्ष यान ने मंगल ग्रह के वायुमंडल और उसके विकास के बारे में वैज्ञानिकों की समझ को बेहतर बनाया है।
एपी जितेंद्र वैभव
वैभव

Facebook


