नेपाल ने भारत की एक इंच जमीन पर भी अतिक्रमण नहीं किया है : पूर्व प्रधानमंत्री ओली
नेपाल ने भारत की एक इंच जमीन पर भी अतिक्रमण नहीं किया है : पूर्व प्रधानमंत्री ओली
(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, तीन जून (भाषा) नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री के. पी. शर्मा ओली ने बुधवार को संसद में प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के बयान की कड़ी आलोचना की और जोर देकर कहा कि नेपाल ने भारतीय क्षेत्र का एक इंच भी अतिक्रमण नहीं किया है।
ओली यहां अपने दल कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (एकीकृत मार्क्सवादी-लेनिनवादी) की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।
रविवार को प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की टिप्पणियों ने नेपाल में उस वक्त विवाद खड़ा कर दिया, जब उन्होंने कहा, ‘‘न केवल भारत, बल्कि नेपाल ने भी कई स्थानों पर भारत के क्षेत्रों का अतिक्रमण किया है।’’
बुधवार को, बालेंद्र शाह के बयान को ‘‘राष्ट्रविरोधी’’ बताते हुए ओली ने कहा, ‘‘उन्होंने (बालेंद्र शाह ने) कहा है कि नेपाल ने कई जगहों पर भारतीय भूमि पर अतिक्रमण किया है। बल्कि (नेपाल ने) भारत में किसी भी जगह एक इंच भी अतिक्रमण नहीं किया है।’’
ओली ने दावा किया कि प्रधानमंत्री ने संसद में ‘‘झूठे, असत्य और राष्ट्रविरोधी’’ बयान दिए हैं।
ओली ने दो देशों के बीच मुद्दों को सुलझाने में किसी तीसरे देश को शामिल करने के बालेंद्र शाह के विचार का भी विरोध किया।
उन्होंने कहा, ‘‘हम अपने पड़ोसियों के साथ किसी भी तरह की बातचीत और विवाद को खुद सुलझाएंगे। हम किसी तीसरे पक्ष को इसमें शामिल नहीं करेंगे।’’
भाषा शफीक सुभाष
सुभाष

Facebook


