नेपाल विमान हादसा: पांचों भारतीयों के शवों की पहचान, भारत ले जाया गया
नेपाल विमान हादसा: पांचों भारतीयों के शवों की पहचान, भारत ले जाया गया
(शिरिष बी. प्रधान)
काठमांडू, 23 जनवरी (भाषा) नेपाल के रिसॉर्ट शहर पोखरा में यति एयरलाइंस विमान हादसे में मारे गए सभी पांच भारतीयों के शवों की पहचान कर ली गई और उन्हें उनके परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया। अस्पताल के सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पांच भारतीयों की पहचान अभिषेक कुशवाहा (25), विशाल शर्मा (22), अनिल कुमार राजभर (27), सोनू जायसवाल (35) और संजय जायसवाल (26) के रूप में की गई है। 15 जनवरी को यति एयरलाइंस का विमान उतरने से कुछ मिनट पहले पोखरा में पुराने हवाई अड्डे और नए हवाई अड्डे के बीच सेती नदी के तट पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान में उस समय 72 लोग सवार थे।
सोमवार को सोनू जायसवाल के शव की पहचान हुई। चिकित्सकों ने रविवार को पीड़ितों के परिवारों द्वारा उपलब्ध कराए गए सबूतों के आधार पर अनिल कुमार राजभर और अभिषेक कुशवाहा के शवों की पहचान की। शनिवार को विशाल शर्मा के शव की पहचान हुई।
त्रिभुवन यूनिवर्सिटी टीचिंग हॉस्पिटल के सूत्रों के मुताबिक, अस्पताल ने सोमवार को सोनू जायसवाल, अनिल कुमार राजभर, अभिषेक कुशवाहा और विशाल शर्मा के शव उनके परिजनों को सौंप दिए।
परिवार के एक सदस्य ने फोन पर पीटीआई-भाषा को बताया कि शव लेने के बाद परिजन भारत के लिए रवाना हो गए।
संजय जायसवाल का शव उनके परिवार को सौंपे जाने के बाद पिछले सप्ताह भारत वापस ले जाया गया था।
दुर्घटनास्थल से अब तक 71 शव बरामद किए जा चुके हैं और शेष एक व्यक्ति की तलाश की जा रही है।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


