नेतन्याहू ने मौत की अटकलों का दिया जवाब, सड़क किनारे कॉफी पीते वीडियो जारी किया

Ads

नेतन्याहू ने मौत की अटकलों का दिया जवाब, सड़क किनारे कॉफी पीते वीडियो जारी किया

  •  
  • Publish Date - March 15, 2026 / 10:51 PM IST,
    Updated On - March 15, 2026 / 10:51 PM IST

(हरिंदर मिश्रा)

यरुशलम, 15 मार्च (भाषा) इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपनी मौत की अफवाहों पर चुटकी लेते हुए रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया जिसमें वह सड़क किनारे बाजार में कॉफी का ऑर्डर देते नजर आ रहे हैं।

सोशल मीडिया पर पिछले एक सप्ताह से नेतन्याहू की सार्वजनिक रूप से अनुपस्थिति को लेकर अटकलें तेज थीं, खासकर तब जब एक वीडियो सामने आया जिसमें नेतन्याहू के हाथ में छह उंगलियां दिखीं।

इस वीडियो ने अमेरिका-इजराइल के 28 फरवरी के संयुक्त हमले और ईरान की तीव्र प्रतिक्रिया के बीच खाड़ी क्षेत्र में फैले युद्ध की पृष्ठभूमि में नयी बहस और अफवाहों को हवा दे दी।

रविवार को नेतन्याहू ने अपने ‘एक्स’ खाते से एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें उन्हें कॉफी लेने के दौरान कहते सुना जा सकता है, “बहुत बढ़िया (कॉफी देने वाले विक्रेता से), धन्यवाद।”

वीडियोग्राफर से पूछते हुए वह कहते हैं, “तुमने मुझसे क्या पूछना चाहते हो?”

जब उन्हें बताया गया कि कुछ चैनल यह खबर फैला रहे हैं कि उनकी मौत हो चुकी है तो नेतन्याहू हंसते हुए उत्तर देते हैं, “मैं तो कॉफी के लिए ही मर रहा हूं।”

इजराइल के प्रधानमंत्री ने कहा, “आप जानते हैं, मैं अपने लोगों के लिए पागल (मरता) हूं। उनका रवैया भी कमाल का है। अगर आप अंगलियों की संख्या गिनना चाहते हैं, तो आप दिखा सकते हैं, यहां (बायां हाथ उठाते हुए), यहां (दायाँ हाथ उठाते हुए)। आपने देखा!”

यह वीडियो उन खबरों पर व्यंग्य भी प्रतीत होता जिनमें उनकी मौत की अटकलें लगाई जा रही थीं। अटकलें पैदा करने वाले वीडियो में उनके बाएं हाथ में छह उंगलियां दिखी थीं, जिससे छेड़छाड़ की गई प्रतीत होती है।

कॉफी उठाते हुए नेतन्याहू ने वीडियो में कहा, “चीयर्स (जीवन के लिए)।”

जब उनसे पूछा गया कि क्या वह बाहर जाने की इच्छा रखने वाले लोगों को कोई संदेश देना चाहते हैं, तो प्रधानमंत्री ने आगाह किया कि वे ताजी हवा के लिए बाहर जा सकते हैं, लेकिन उन्हें सुरक्षित आश्रयों के पास ही रहना चाहिए।

नेतन्याहू ने कहा, “आप (इजराइल) जिस तरह हमारे साथ खड़े हैं, वह अद्भुत है। यह मुझे ताकत देता है-सरकार को, सेना को, मोसाद (इजराइल की खुफिया एजेंसी) को। हम कुछ ऐसे काम कर रहे हैं जिन्हें मैं अभी साझा नहीं कर सकता। आज भी हम ईरान पर बहुत सख्ती से वार कर रहे हैं।”

यह वीडियो उस समय आया है जब दिन में ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड ने कहा कि वह इजराइल के प्रधानमंत्री को ढूंढ़ निकालेगा।

भाषा खारी नेत्रपाल

नेत्रपाल