पाकिस्तान के बलूचिस्तान में नौ उग्रवादी मारे गए

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में नौ उग्रवादी मारे गए

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में नौ उग्रवादी मारे गए
Modified Date: September 14, 2026 / 07:34 pm IST
Published Date: September 14, 2026 7:34 pm IST

कराची, 14 सितंबर (भाषा) पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षा बलों के अलग-अलग अभियानों में नौ उग्रवादी मारे गए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि पिशिन के सरानान इलाके में आतंकवाद रोधी विभाग (सीटीडी) के कर्मियों और उग्रवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में छह उग्रवादी मारे गए।

उन्होंने बताया कि गोलीबारी में चार सुरक्षाकर्मी भी घायल हुए हैं।

एक अन्य अभियान में रविवार को मस्तुंग जिले में एक वाहन को क्वाडकॉप्टर से निशाना बनाए जाने पर तीन उग्रवादी मारे गए।

सीटीडी अधिकारियों ने बताया कि मारे गए लोगों में वांछित उग्रवादी नकीबुल्लाह भी शामिल था।

पाकिस्तान का सबसे बड़ा और प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध प्रांत बलूचिस्तान दशकों से बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) समेत विभिन्न उग्रवादी समूहों के विद्रोह का सामना कर रहा है। बीएलए इस खनिज संपदा से समृद्ध प्रांत की स्वतंत्रता की मांग करता है।

बलूचिस्तान की स्वतंत्रता की मांग करने वाले विद्रोहियों का आरोप है कि केंद्र सरकार प्रांत को राजनीतिक रूप से हाशिये पर रख रही है और उसके प्राकृतिक संसाधनों का दोहन कर रही है।

बीएलए ने हाल के वर्षों में सुरक्षा बलों, सरकारी प्रतिष्ठानों और चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) से जुड़ी परियोजनाओं को निशाना बनाकर हमले तेज किए हैं।

शनिवार को तटीय शहर ग्वादर के पास जिवानी में हथियारबंद लोगों ने चार श्रमिकों की हत्या कर दी थी।

सूत्रों के अनुसार, बंदूकधारियों ने सामान ले जा रहे ‘नेशनल लॉजिस्टिक्स सेल’ के एक वाहन पर हमला किया और उसमें सवार चार नागरिकों की हत्या कर दी।

उन्होंने बताया कि हमलावर सामान लेकर फरार हो गए और वाहन भी अपने साथ ले गए।

भाषा

राखी नरेश

नरेश


लेखक के बारे में