उत्तर कोरिया के नेता किम ने अपनी बेटी के साथ क्रूज मिसाइल का परीक्षण देखा

उत्तर कोरिया के नेता किम ने अपनी बेटी के साथ क्रूज मिसाइल का परीक्षण देखा

उत्तर कोरिया के नेता किम ने अपनी बेटी के साथ क्रूज मिसाइल का परीक्षण देखा
Modified Date: March 11, 2026 / 10:01 am IST
Published Date: March 11, 2026 10:01 am IST

सियोल, 11 मार्च (एपी) उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन और उनकी बेटी ने एक युद्धपोत से दागी गई क्रूज मिसाइलों का परीक्षण देखा। उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी।

उत्तर कोरिया ने यह परीक्षण ऐसे समय में किया है जब उसने अमेरिका और दक्षिण कोरिया के संयुक्त सैन्य अभ्यासों का जवाब देने की हाल में धमकी दी थी।

केसीएनए की एक रिपोर्ट के अनुसार, किम जोंग उन ने मंगलवार को वीडियो के माध्यम से मिसाइल प्रक्षेपण देखा और ‘‘परमाणु युद्ध को रोकने के लिए शक्तिशाली और विश्वसनीय हथियार’’ रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस रिपोर्ट में हालांकि उनकी बेटी का कोई जिक्र नहीं था।

ऐसा बताया जाता है कि किम जोंग उन की बेटी किम जू ऐ की आयु लगभग 13 साल है और वह 2022 के अंत से ही सैन्य परेड और हथियार प्रक्षेपण सहित कई प्रमुख कार्यक्रमों में अपने पिता के साथ नजर आती रही हैं। दक्षिण कोरिया की जासूसी एजेंसी ने पिछले महीने अनुमान लगाया था कि किम जोंग उन अपनी बेटी को अपना उत्तराधिकारी नामित करने वाले हैं।

केसीएनए ने बताया कि इन मिसाइल ने उत्तर कोरिया के पश्चिमी तट पर स्थित लक्षित द्वीपों को निशाना बनाया।

उसने किम जोंग उन के हवाले से कहा कि ये प्रक्षेपण नौसेना के रणनीतिक आक्रामक रुख का प्रदर्शन करने और सैनिकों को हथियारों के संचालन से परिचित कराने के उद्देश्य से किए गए थे।

किम जोंग उन ने पिछले सप्ताह चोए ह्योन से इसी तरह के क्रूज मिसाइल प्रक्षेपणों को व्यक्तिगत रूप से देखा था, लेकिन उस दौरान उनकी बेटी मौजूद नहीं थीं।

इससे पहले उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने अमेरिका और दक्षिण कोरिया के वार्षिक संयुक्त सैन्य अभ्यास जारी रखने की आलोचना करते हुए मंगलवार को कहा था कि यह कदम वैश्विक सुरक्षा के लिए संवेदनशील समय में उठाया गया है और उत्तर कोरिया की सुरक्षा को किसी भी तरह की चुनौती “भयानक परिणाम” ला सकती है।

अमेरिका और दक्षिण कोरिया ने इससे एक दिन पहले हजारों सैनिकों की भागीदारी वाले 11 दिन के ‘फ्रीडम शील्ड’ सैन्य अभ्यास की शुरुआत की थी।

एपी सिम्मी शोभना

शोभना


लेखक के बारे में