जापान से अमेरिका के साथ तनाव कम करने को कहा : प्रतिबंधों का सामना कर रही आईसीसी की अध्यक्ष
जापान से अमेरिका के साथ तनाव कम करने को कहा : प्रतिबंधों का सामना कर रही आईसीसी की अध्यक्ष
तोक्यो, 26 अगस्त (एपी) अंतरराष्ट्रीय अपराध अदालत (आईसीसी) की अध्यक्ष तोमोको अकाने ने बुधवार को कहा कि अमेरिका की ओर से उन पर प्रतिबंध लगाए जाने का कोई कारण नहीं है। उन्होंने कहा कि वह जापान सरकार से तनाव को और बढ़ने से रोकने के लिए अमेरिका के साथ मिलकर काम करने का अनुरोध कर रही हैं।
जापानी नागरिक अकाने पिछले हफ्ते आईसीसी के उन सदस्यों में शामिल हो गईं, जिनके खिलाफ अमेरिका ने कई आर्थिक प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है।
इन प्रतिबंधों में अमेरिका के अधिकार क्षेत्र में मौजूद आईसीसी सदस्यों की संपत्तियों को फ्रीज करना, उनके तथा उनके परिवार के सदस्यों के अमेरिका में प्रवेश करने पर पाबंदी लगाना और वित्तीय सेवाओं तक उनकी पहुंच बाधित करना शामिल है।
अमेरिका ने आईसीसी पर अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर काम करने का आरोप लगाया है। उसने गाजा पट्टी में इजराइली अधिकारियों और अफगानिस्तान में अमेरिकी सैन्य कर्मियों के खिलाफ जांच के आदेश के जवाब में आईसीसी के लगभग एक दर्जन कर्मचारियों पर आर्थिक प्रतिबंध लगाए हैं। इनमें आईसीसी के 18 न्यायाधीशों में नौ न्यायाधीश, उसके दोनों उप अभियोजक, पूर्व मुख्य अभियोजक और अभियोजन कार्यालय का एक अन्य कर्मचारी शामिल है।
‘द हेग’ से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये तोक्यो में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में शामिल अकाने ने कहा, “मेरा मानना है कि मुझ पर प्रतिबंध लगाने का कोई कारण नहीं है। बहरहाल, इन प्रतिबंधों से मैं डरी नहीं हूं और इनका मेरे न्यायिक कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ेगा।”
उन्होंने कहा, “आईसीसी कभी नहीं हारेगा। न्याय की जीत होगी और होनी भी चाहिए।”
अकाने ने कहा कि एक इनसान के तौर पर उन्हें “अनुचित असुविधा और खतरे” का सामना करना पड़ रहा है, जिसमें उनके क्रेडिट कार्ड तक निलंबित कर दिए गए हैं। इसके बावजूद वह आईसीसी, उसके न्यायाधीशों और कर्मचारियों की रक्षा करने तथा आईसीसी के कामकाज को जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
अकाने ने अमेरिका के सहयोगी जापान से अपील की कि वह वाशिंगटन को स्थिति और बिगाड़ने से रोकने के लिए समझाए। उन्होंने कहा कि जापान अन्य आईसीसी सदस्य देशों से भी संपर्क करे और उनसे अमेरिकी दबाव के आगे न झुकने तथा आईसीसी से अलग न होने का आग्रह करे।
एपी पारुल पवनेश
पवनेश

Facebook


