मस्कट के तट के पास मानवरहित नौका ने तेल टैंकर को टक्कर मारी, एक भारतीय की मौत
मस्कट के तट के पास मानवरहित नौका ने तेल टैंकर को टक्कर मारी, एक भारतीय की मौत
दुबई, दो मार्च (भाषा) ओमान में मस्कट के तट के पास सोमवार को विस्फोटक पदार्थ लदी एक नौका ने तेल टैंकर को टक्कर मार दी और इस घटना में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
ओमान के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि समुद्री सुरक्षा केंद्र ने खबर दी है कि मस्कट प्रांत के तट से 52 समुद्री मील दूर तेल टैंकर एमकेडी वीवाईओएम से एक मानवरहित नौका टकरा गई है।
मंत्रालय ने कहा कि हमले के परिणामस्वरूप टैकर के इंजन में विस्फोट के बाद आग लग गयी और चालक दल के एक सदस्य की मौत हो गई।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि चालक दल के शेष 21 सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने एमकेडी वीवाईओएम नामक जहाज पर सवार भारतीय चालक दल के सदस्य की मृत्यु पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
दूतावास ने कहा कि वह ओमान के स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रहा है ताकि जहाज पर सवार भारतीय नागरिकों की सुरक्षित और शीघ्र वापसी सुनिश्चित की जा सके।
उसने कहा, ‘‘हम इस मामले में हर संभव सहायता मुहैया करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’
सरकारी संवाद एजेंसी ओमान न्यूज एजेंसी के अनुसार, टक्कर के कारण मुख्य इंजन कक्ष में विस्फोट के बाद आग लग गयी, जिससे चालक दल के एक सदस्य की मौत हो गई।
उसने कहा कि समुद्री सुरक्षा केंद्र के समन्वय से, पनामा गणराज्य के झंडे वाले वाणिज्यिक पोत एमवी सैंड के माध्यम से टैंकर के चालक दल के 21 सदस्यों को सुरक्षित निकाला गया। इनमें 16 भारतीय, चार बांग्लादेशी और एक यूक्रेनी हैं।
ओमान न्यूज एजेंसी ने कहा कि ओमान की ‘रॉयल नेवी’ का एक पोत क्षतिग्रस्त टैंकर की स्थिति पर नजर रख रहा है और उस समुद्री क्षेत्र से गुजरने वाले जहाजों को आवश्यक नौवहन संबंधी चेतावनी जारी कर रहा है।
टैंकर में 59,463 मीट्रिक टन माल लदा था।
एक दिन पहले, होर्मुज जलडमरूमध्य में एक अन्य तेल टैंकर पर हमला हुआ था। एमवी स्काईलाइट नामक टैंकर पर हमले में चालक दल के चार सदस्य घायल हो गए। चालक दल के सदस्यों में भारत और ईरान के नागरिक हैं।
सोमवार को ओमान में भारतीय मिशन ने कहा कि वह स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है, जो एमवी स्काईलाइट घटना के बाद चालक दल के लापता सदस्यों की तलाश के लिए खोज अभियान चला रहे हैं।
बताया जा रहा है कि चालक दल के लापता दो सदस्यों में से एक भारतीय नागरिक है।
भाषा राजकुमार सुभाष
सुभाष

Facebook


