कीव, 19 जुलाई (एपी) रूस द्वारा यूक्रेन की राजधानी कीव पर रातभर किए गए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हो गए। इस हमले में बैलिस्टिक मिसाइलों का भी इस्तेमाल किया गया। स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह हमला स्थानीय समयानुसार रात करीब डेढ़ बजे शुरू हुआ और कई घंटों तक जारी रहा। इस दौरान राजधानी में लगातार विस्फोटों की आवाजें सुनाई देती रहीं।
यूक्रेनी वायुसेना के अनुसार, रूस ने रातभर पूरे यूक्रेन पर 41 मिसाइलें और 125 ड्रोन दागे। राष्ट्रपति वोलोदीमीर जेलेंस्की ने कहा कि अधिकांश मिसाइलों का निशाना राजधानी कीव थी।
यूक्रेन की राज्य आपातकालीन सेवा के अनुसार, हमलों के कारण कीव के पांच जिलों में आग लग गई जिससे कई रिहायशी इमारतों, कार्यालयों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, एक छात्रावास और वाहनों को नुकसान पहुंचा।
स्वियातोशिन्स्की जिले में बचावकर्मियों ने जलते हुए एक निजी मकान से चार लोगों को सुरक्षित निकाला। वहीं शेवचेंकिव्स्की जिले में तीन मंजिला जलती हुई इमारत से लोगों को बचाया गया। एक गैर-आवासीय इमारत में लगी आग पर भी काबू पा लिया गया, बाद में वहां से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ।
दमकल कर्मियों ने सोलोमियांस्की, देस्नियांस्की और निप्रो जिलों में लगी आग पर भी काबू पाने का प्रयास किया।
इस बीच, रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि यूक्रेनी सेना से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाकर हमला किया गया था।
मंत्रालय के अनुसार, हमले में ‘फ्लेमिंगो’ ड्रोन और ‘नेप्च्यून’ मिसाइलों के पुर्जे बनाने वाले संयंत्रों के अलावा एक पोस्टल टर्मिनल को भी निशाना बनाया गया, जहां कथित तौर पर दोहरे उपयोग वाले सामान, ड्रोन, रोबोटिक प्रणालियां और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध उपकरण रखे और तैयार किए जाते थे।
हाल के हफ्तों में रूस ने कीव पर कई बड़े हमले किए हैं। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब यूक्रेन पैट्रियॉट हवाई रक्षा मिसाइलों की कमी से जूझ रहा है। ये मिसाइलें रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने के लिए यूक्रेन की सबसे प्रभावी प्रणालियों में से एक हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह यूक्रेन को पैट्रियॉट इंटरसेप्टर मिसाइलों के उत्पादन के लिए लाइसेंस देने को तैयार हैं। इससे रूसी बैलिस्टिक मिसाइल हमलों के खिलाफ कीव की रक्षा क्षमता बढ़ सकती है। हालांकि, इस फैसले को लागू करने की समयसीमा और अन्य विवरण अभी स्पष्ट नहीं हैं।
भाषा शोभना रंजन
रंजन