संघर्ष खत्म करने के लिए पाकिस्तान और अफगानिस्तान की बातचीत लगातार आगे बढ़ रही है : चीन
संघर्ष खत्म करने के लिए पाकिस्तान और अफगानिस्तान की बातचीत लगातार आगे बढ़ रही है : चीन
(केजेएम वर्मा)
बीजिंग, तीन अप्रैल (भाषा) चीन ने शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच संघर्ष खत्म करने के लिए उसकी मध्यस्थता में जारी बातचीत ‘‘लगातार आगे बढ़ रही है।’’
चीन के शहर उरुमकी में तीनों पक्षों के अधिकारियों की बैठक के दो दिन बाद यह बयान आया है।
पाकिस्तान-अफगानिस्तान बातचीत पर सवालों को टालने के एक दिन बाद, चीनी विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि दोनों पक्ष अपने सशस्त्र संघर्ष को खत्म करने के लिए मिलकर बातचीत करने को तैयार हैं।
चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने यहां प्रेसवार्ता में कहा, ‘‘चर्चा जारी है और लगातार आगे बढ़ रही है।’’
यह दूसरी बार है जब चीन ने अपने दो पड़ोसियों के बीच मध्यस्थता की कोशिश की है, जो बीजिंग की संघर्षविराम पर सहमत होने और सीधी बातचीत करने की अपील के बावजूद संघर्षरत थे।
हालांकि, कुछ इस्लामिक देशों की अपील पर दोनों देशों ने पिछले महीने ईद-उल-फितर के दौरान संघर्षविराम का पालन किया।
माओ ने कहा, ‘‘पाकिस्तान-अफगानिस्तान संघर्ष के दोबारा बढ़ने के बाद से, चीन ने अपने तरीके से मध्यस्थता के प्रयास किए हैं, कई माध्यमों और स्तरों पर दोनों पक्षों के साथ घनिष्ठ संपर्क बनाए रखा है, और दोनों पक्षों के बीच संवाद के लिए परिस्थितियां और मंच प्रदान किया है।’’
भाषा शफीक नरेश
नरेश

Facebook


