अमेरिका-ईरान युद्ध को समाप्त कराने के प्रयास के तहत पाकिस्तानी सेना प्रमुख तेहरान पहुंचे

अमेरिका-ईरान युद्ध को समाप्त कराने के प्रयास के तहत पाकिस्तानी सेना प्रमुख तेहरान पहुंचे

अमेरिका-ईरान युद्ध को समाप्त कराने के प्रयास के तहत पाकिस्तानी सेना प्रमुख तेहरान पहुंचे
Modified Date: May 23, 2026 / 12:39 am IST
Published Date: May 23, 2026 12:39 am IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 22 मई (भाषा) पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर शुक्रवार को क्षेत्र में युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच समझौते के प्रयासों में तेजी लाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण यात्रा पर तेहरान पहुंचे। सेना ने यह जानकारी दी।

अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध को समाप्त करने के लिए शांति समझौते की कोशिशों में पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है।

सेना द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, फील्ड मार्शल मुनीर की यात्रा ‘जारी मध्यस्थता प्रयासों का हिस्सा’ है।

सेना के अनुसार, हवाई अड्डे पर ईरानी गृह मंत्री एस्कंदर मोमेनी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी भी हवाई अड्डे पर मौजूद थे।

सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान के सेना प्रमुख की गत एक महीने में यह दूसरी ईरान यात्रा है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री मोहसिन नकवी बुधवार से ईरान में हैं।

नकवी ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के साथ गत एक सप्ताह में दो बार बात की है।

सूत्रों ने बताया कि फील्ड मार्शल मुनीर तेहरान यात्रा के दौरान प्रमुख ईरानी नेताओं से मुलाकात करेंगे और ईरान-अमेरिका वार्ता, क्षेत्र में शांति और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

इससे पहले ईरान के सरकारी समाचार चैनल प्रेस टीवी ने सरकारी समाचार एजेंसी ‘इरना’ के हवाले से बताया कि फील्ड मार्शल मुनीर ईरानी अधिकारियों के साथ बातचीत करने के लिए तेहरान आ रहे हैं।

पाकिस्तान के सेना प्रमुख की यह यात्रा विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी के उस बयान के बाद हुई है, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान से ईरान जाने वाले एक ‘‘उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल’’ की खबरों की ‘‘न तो पुष्टि की और न ही खंडन’’ किया था।

भाषा

शुभम नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में