पाकिस्तान : सिख जोड़े की हत्या की जांच उच्च न्यायालय के न्यायाधीश से कराने की मांग
पाकिस्तान : सिख जोड़े की हत्या की जांच उच्च न्यायालय के न्यायाधीश से कराने की मांग
(एम जुल्करनैन)
लाहौर, 22 जून (भाषा) पाकिस्तान के एक ईसाई संगठन ने खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत के एक गुरुद्वारे में एक सिख जोड़े की हत्या से जुड़े मामले की जांच उच्च न्यायालय के न्यायाधीश से कराने की सोमवार को मांग की।
यह मांग ऐसे समय में की गई है, जब अपराध में एक पुलिस अधिकारी के शामिल होने के संकेत मिले हैं।
सिख दंपति जगन्नाथ सिंह (70) और आस्मा वंती (69) पेशावर से लगभग 60 किलोमीटर दूर मरदान जिले में डेरा होती वाला बाबा करम सिंह गुरुद्वारे के प्रबंधन और रखरखाव का जिम्मा संभालते थे। पुलिस कॉन्स्टेबल शेर शाह ने पिछले बुधवार को दोनों की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी।
शाह अतीत में कई महीनों तक इस गुरुद्वारे के बाहर सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात था।
‘पाकिस्तान मसीहा मिल्लत पार्टी’ के प्रमुख असलम परवेज सहोत्रा ने एक बयान में कहा, “चूंकि संदिग्ध एक पुलिस कर्मी है, इसलिए जांच में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मरदान में सिख जोड़े की हत्या की पड़ताल उच्च न्यायालय के न्यायाधीश से कराई जानी चाहिए और जनता को तथ्यों से अवगत कराया जाना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि एक बेगुनाह और निहत्थे सिख जोड़े की बेरहमी से हत्या बेहद निंदनीय कृत्य है और सिर्फ संदिग्ध को गिरफ्तार करके जेल भेज देना ही काफी नहीं है।
सहोत्रा ने कहा, “इस घटना का कारण बनी प्रशासनिक गलतियों और कमियों की पहचान करना तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करना भी सरकार का कर्तव्य है।”
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री सरदार रमेश सिंह अरोड़ा ने खैबर-पख्तूनख्वा सरकार से अपील की है कि वह सिख जोड़े की हत्या के पीछे के मकसद का पता लगाए और पूरे प्रांत में अल्पसंख्यक समुदायों तथा उनके पूजा स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करे।
भाषा पारुल नरेश
नरेश

Facebook


