पाकिस्तान के मंत्री ने खुद को सेना प्रमुख मुनीर का ‘साधारण कार्यकर्ता’ बताया
पाकिस्तान के मंत्री ने खुद को सेना प्रमुख मुनीर का ‘साधारण कार्यकर्ता’ बताया
(एम जुल्करनैन)
लाहौर, 10 मई (भाषा) पाकिस्तान के एक मंत्री ने खुद को फील्ड मार्शल आसिम मुनीर का ‘‘साधारण कार्यकर्ता’’ बताया है। मंत्री के इस बयान की सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी आलोचना की। आलोचकों का तर्क है कि यह टिप्पणी देश में नागरिक राजनीति पर सेना के बढ़ते प्रभाव को रेखांकित करती है।
प्रधानमंत्री के करीबी सहयोगी और संघीय ऊर्जा मंत्री अली परवेज मलिक ने शनिवार को प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के नेतृत्व वाली टीम के एक आम कार्यकर्ता के रूप में, मैं जनता को आश्वस्त करना चाहता हूं कि जैसे-जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोलियम की कीमतें गिरेंगी, हम यहां भी उतनी ही तेजी से कीमतें कम करेंगे।”
मंत्री की टिप्पणियों के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया सामने आई, जहां आलोचकों ने सवाल उठाया कि सत्तारूढ़ पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) सैन्य प्रतिष्ठान को खुश करने के लिए किस हद तक जाने को तैयार है।
सोशल मीडिया उपयोगकर्ता फातिमा मलिक ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘जब मंत्री खुद को जनता के प्रतिनिधि के बजाय शक्तिशाली लोगों के ‘मामूली कार्यकर्ता’ के रूप में पेश करने लगते हैं, तो यह सवाल उठता है कि क्या यह लोकतंत्र है या वफादार सेवकों का दरबार?’’
एक अन्य उपयोगकर्ता, मोहसिन अली खान ने कहा, ‘‘अली परवेज मलिक बिल्कुल सच कह रहे हैं – आज के समय में एक संघीय मंत्री एक सैन्य जनरल के ‘मामूली कार्यकर्ता’ से ज्यादा कुछ नहीं है।’’
भाषा शफीक नरेश
नरेश

Facebook


