पाकिस्तान: पीपीपी ने पीओके के गिलगित-बाल्टिस्तान में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का नाम घोषित किया
पाकिस्तान: पीपीपी ने पीओके के गिलगित-बाल्टिस्तान में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का नाम घोषित किया
(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 21 जून (भाषा) पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) ने रविवार को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के गिलगित-बाल्टिस्तान में तथाकथित मुख्यमंत्री पद के लिए अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी।
हाल ही में हुए चुनाव में पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी क्षेत्र में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी।
एक बयान के मुताबिक, पार्टी के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने पेशे से वकील अमजद हुसैन को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में नामित किया।
हुसैन 2020 से 2025 तक गिलगित-बाल्टिस्तान विधानसभा के सदस्य रहे और 2009 से 2014 तक इस क्षेत्र की विधान परिषद के सदस्य भी रहे।
पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) गिलगित-बाल्टिस्तान में पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएलएन) के समर्थन से सत्ता-साझाकरण के फार्मूले के तहत सरकार बनाएगी।
वहीं भारत का कहना है कि गिलगित-बाल्टिस्तान सहित जम्मू-कश्मीर और लद्दाख क्षेत्र 1947 में जम्मू-कश्मीर के भारत में हुए ‘पूर्ण, वैध और अपरिवर्तनीय विलय’ के आधार पर भारत के अभिन्न और अविभाज्य हिस्से हैं।
भारत ने सात जून को गिलगित-बाल्टिस्तान में कराए गए तथाकथित चुनावों को लेकर पाकिस्तान के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया था।
भारत का स्पष्ट मत है कि गिलगित-बाल्टिस्तान भारतीय भूभाग का हिस्सा है, जिस पर पाकिस्तान ने ‘अवैध और बलपूर्वक’ कब्जा कर रखा है।
चुनाव के बाद पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और उसे तथाकथित 24 सदस्यीय गिलगित-बाल्टिस्तान विधानसभा में 12 सीट पर जीत मिलीं।
‘डॉन’ अखबार की एक खबर के अनुसार, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी और पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज ने ‘आपसी विश्वास, सहमति और परामर्श’ के आधार पर गिलगित-बाल्टिस्तान में गठबंधन सरकार बनाने का फैसला किया।
एक बयान के मुताबिक, परामर्श बैठक के बाद दोनों दलों के स्थानीय नेताओं ने प्रस्तावित सत्ता-साझाकरण फार्मूले पर सहमति जताई।
इस फार्मूले के तहत तथाकथित मुख्यमंत्री पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी से होगा, जबकि राज्यपाल और विपक्ष के नेता का पद पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज को मिलेगा।
इसके अलावा, उपाध्यक्ष का पद भी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के हिस्से में जाएगा।
भाषा जितेंद्र शोभना
शोभना

Facebook


