पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ चार-दिवसीय दौरे पर चीन रवाना हुए

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ चार-दिवसीय दौरे पर चीन रवाना हुए

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ चार-दिवसीय दौरे पर चीन रवाना हुए
Modified Date: May 23, 2026 / 03:29 pm IST
Published Date: May 23, 2026 3:29 pm IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 23 मई (भाषा) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ चीन के साथ संबंधों को बढ़ावा देने और दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में अपनी चार-दिवसीय यात्रा के पहले चरण के तहत चीन के हांगझोऊ के लिए रवाना हुए।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, इस यात्रा के दौरान उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मुहम्मद इसहाक डार, योजना मंत्री अहसान इकबाल, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अत्ताउल्ला तरार, सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री शाजा फातिमा ख्वाजा और विशेष सहायक तारिक फातेमी प्रधानमंत्री के साथ थे।

प्रधानमंत्री हांगझोऊ में झेजियांग प्रांत के पार्टी सचिव से मुलाकात करेंगे और ‘‘सीपीईसी चरण दो के तहत पाकिस्तानी और चीनी कंपनियों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने के लिए आयोजित एक व्यापार मंच में हिस्सा लेंगे तथा समझौतों और सहमति ज्ञापनों के आदान-प्रदान के समारोह में शामिल होंगे’’।

इसके अलावा प्रधानमंत्री प्रमुख चीनी कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) से मुलाकात करेंगे।

वह चीनी कंपनी अलीबाबा के मुख्यालय का भी दौरा करेंगे और सहयोग को लेकर समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर समारोह में हिस्सा लेंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री बीजिंग के लिए रवाना होंगे, जहां वह चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और प्रधानमंत्री ली क्यांग से मुलाकात करेंगे।

शरीफ पाकिस्तान-चीन राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम में भी भाग लेंगे।

वह प्रमुख चीनी कंपनियों के प्रमुखों से भी मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री चीन कृषि विज्ञान अकादमी (सीएएएस) का भी दौरा करेंगे।

शरीफ की चीन यात्रा से पाकिस्तान-चीन संबंधों में नए आयाम जुड़ेंगे, विशेष रूप से सीपीईसी के दूसरे चरण के तहत दोनों देशों की कंपनियों के साथ सहयोग में वृद्धि होगी।

इससे पहले पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने शुक्रवार को बताया था कि प्रधानमंत्री 23 से 26 मई तक चीन की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे।

भाषा सुरभि सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में