पाकिस्तान, तुर्किये और सऊदी अरब की मक्का रक्षा समझौते के तहत सोमवार को होगी पहली बैठक

पाकिस्तान, तुर्किये और सऊदी अरब की मक्का रक्षा समझौते के तहत सोमवार को होगी पहली बैठक

पाकिस्तान, तुर्किये और सऊदी अरब की मक्का रक्षा समझौते के तहत सोमवार को होगी पहली बैठक
Modified Date: August 31, 2026 / 08:39 am IST
Published Date: August 31, 2026 8:39 am IST

इस्लामाबाद, 31 अगस्त (भाषा) पाकिस्तान, तुर्किये और सऊदी अरब के बीच हुए ‘मक्का संयुक्त रक्षा समझौते’ (मक्का समझौता) के तहत गठित रणनीतिक राजनीतिक एवं रक्षा समिति की पहली बैठक आज यानी सोमवार को तुर्किये के इस्तांबुल में होगी।

पाकिस्तान के विदेश कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, बैठक में देश का प्रतिनिधित्व उप प्रधानमंत्री मोहम्मद इसहाक डार, रक्षा मंत्री ख्वाजा मोहम्मद आसिफ तथा सेनाध्यक्ष एवं रक्षा बल प्रमुख फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर करेंगे।

बयान में कहा गया, ‘‘बैठक में पाकिस्तान की भागीदारी तुर्किये और सऊदी अरब जैसे मित्र देशों के साथ उसके ऐतिहासिक मैत्रीपूर्ण संबंधों को दर्शाती है। यह क्षेत्र में स्थायी शांति एवं स्थिरता के उसके इरादे को भी दिखाती है।’’

बैठक में तुर्किये और सऊदी अरब के विदेश मंत्री, रक्षा मंत्री तथा सेना के जनरल स्टाफ प्रमुख भी हिस्सा लेंगे।

इस रक्षा समझौते पर मुसलमानों के पवित्र शहर मक्का में इसी महीने की शुरुआत में हस्ताक्षर किए गए थे और इसे इन देशों की संयुक्त सुरक्षा के लिए मुस्लिम देशों का एक समूह बनाने की दिशा में पहला ठोस कदम बताया गया था।

इस समझौते का दायरा बढ़ाए जाने की संभावना है और बांग्लादेश पहले ही इसमें शामिल होने में रुचि दिखा चुका है।

पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किये ने ‘मक्का संयुक्त रक्षा समझौते’ पर सात अगस्त को हस्ताक्षर किए थे।

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बीच हुए इस समझौते के तहत किसी एक सदस्य देश पर हमले को सभी सदस्य देशों पर हमला माना जाएगा।

भाषा सिम्मी गोला

गोला


लेखक के बारे में