पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री डार ने ईरानी विदेश मंत्री से बातचीत की
पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री डार ने ईरानी विदेश मंत्री से बातचीत की
(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 20 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री इसहाक डार ने सोमवार को ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की वार्ता को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच डार ने निरंतर संवाद और जुड़ाव के महत्व पर जोर दिया।
डार पाकिस्तान के विदेश मंत्री भी हैं। उन्होंने अराघची के साथ बातचीत के दौरान क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए लंबित मुद्दों को हल करने की आवश्यकता बताई।
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘विदेश मंत्री (डार) ने सभी लंबित मुद्दों को सुलझाने के लिए जल्द से जल्द निरंतर बातचीत और जुड़ाव के महत्व पर बल दिया। दोनों नेता आपस में संपर्क बनाए रखने पर सहमत हुए।’
ईरानी मीडिया के अनुसार, दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय घटनाक्रमों, संघर्ष विराम से जुड़े मुद्दों और जारी समन्वय पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
यह घटनाक्रम अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की वार्ता को लेकर व्याप्त अनिश्चितता के बीच सामने आया है। अमेरिका और ईरान के बीच जारी दो सप्ताह का संघर्ष विराम बुधवार को समाप्त होने वाला है। इस बीच, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने कहा कि उनके देश ने अभी तक यह तय नहीं किया है कि वह अमेरिका के साथ अगले दौर की वार्ता में शामिल होगा या नहीं।
दूसरी ओर ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग ने भी डार से फोन पर बात की और बातचीत को सुगम बनाने में पाकिस्तान की ‘रचनात्मक भूमिका’ तथा कूटनीतिक प्रयासों के प्रति उसकी निरंतर प्रतिबद्धता की सराहना की।
विदेश कार्यालय ने एक बयान में कहा, ‘उन्होंने (वोंग ने) इस संबंध में कूटनीतिक जुड़ाव को बढ़ावा देने के प्रति पाकिस्तान की निरंतर प्रतिबद्धता की सराहना की।’
विदेश कार्यालय के बयान के अनुसार, डार ने वोंग को 11-12 अप्रैल को हुई ‘इस्लामाबाद वार्ता’ के बारे में जानकारी दी और संवाद को प्रोत्साहित करने के पाकिस्तान के संकल्प को दोहराया।
दोनों नेताओं ने वैश्विक अर्थव्यवस्था, विशेष रूप से विकासशील देशों पर पड़ने वाले इसके व्यापक प्रभावों पर चिंता व्यक्त की और संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान के महत्व पर जोर दिया।
भाषा सुमित दिलीप
दिलीप

Facebook


