पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री डार मंगलवार को चीन की यात्रा पर जाएंगे : विदेश कार्यालय
पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री डार मंगलवार को चीन की यात्रा पर जाएंगे : विदेश कार्यालय
(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 30 मार्च (भाषा) पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इसहाक डार द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर चर्चा के लिए मंगलवार को चीन की यात्रा पर जाएंगे। यहां विदेश कार्यालय ने यह जानकारी दी।
डार की यह यात्रा पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष पर चर्चा के लिए इस्लामाबाद में पाकिस्तान, सऊदी अरब, मिस्र और तुर्किये के विदेश मंत्रियों की मेजबानी के बाद हो रही है।
विदेश कार्यालय ने सोमवार को एक बयान में कहा कि विदेश मंत्री की भी जिम्मेदारी निभा रहे डार की यह यात्रा उनके चीनी समकक्ष वांग यी के आमंत्रण पर हो रही है।
बयान में कहा गया कि आगामी यात्रा दोनों पक्षों को क्षेत्रीय घटनाक्रमों के साथ-साथ पारस्परिक हित के द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर गहन चर्चा करने का अवसर प्रदान करेगी।
विदेश कार्यालय ने कहा कि पाकिस्तान और चीन के बीच एक सर्वकालिक रणनीतिक सहयोगात्मक साझेदारी है, जिसकी विशेषता क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर घनिष्ठ समन्वय तथा नियमित परामर्श है।
भाषा धीरज नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


