(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 18 मार्च (भाषा) पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इसहाक डार पश्चिम एशिया के देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए सऊदी अरब की यात्रा पर हैं, जहां वह पश्चिम एशिया संघर्ष के शीघ्र अंत के लिए जोर देंगे। विदेश कार्यालय ने बुधवार को यह जानकारी दी।
विदेश कार्यालय ने कहा कि 18 से 19 मार्च तक रियाद की अपनी यात्रा के दौरान, डार ‘‘क्षेत्र के सभी मित्र देशों की क्षेत्रीय अखंडता, संप्रभुता और राजनीतिक स्वतंत्रता के लिए पूर्ण समर्थन व्यक्त करेंगे और उनकी भूमि पर सभी हमलों को समाप्त करने का आह्वान करेंगे।’’
वह मौजूदा संघर्ष को शीघ्र समाप्त करने के लिए पाकिस्तान की अपील को दोहराएंगे और संवाद और कूटनीति की ओर लौटने की आवश्यकता पर जोर देंगे।
इसी बीच, प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ओमान के शाह हैतम बिन तारिक से फोन पर बात की।
बयान में कहा गया है, ‘‘दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा की और ओमान के विभिन्न हिस्सों में हुए हमलों में लोगों की मौत और घायल होने पर वहां की जनता के साथ पाकिस्तान की एकजुटता व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने शांति, स्थिरता और रचनात्मक संवाद बनाए रखने के महत्व पर भी जोर दिया।’’
इसके अलावा, प्रधानमंत्री शहबाज ने कुवैत के युवराज शेख सबाह अल खालिद से भी फोन पर बातचीत की और ‘‘कुवैत पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की।’’
भाषा शफीक धीरज
धीरज