पश्चिम एशिया युद्ध : पाकिस्तान के गृहमंत्री ने ईरानी विदेशमंत्री से शुक्रवार को बात की
पश्चिम एशिया युद्ध : पाकिस्तान के गृहमंत्री ने ईरानी विदेशमंत्री से शुक्रवार को बात की
(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 22 मई (भाषा) पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने शुक्रवार को तेहरान में ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची से 24 घंटे के भीतर दूसरी बार मुलाकात की, ताकि अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध को समाप्त करने के उद्देश्य से प्रस्तावित प्रस्तावों पर विचार विमर्श किया जा सके।
नकवी बुधवार को बिना किसी पूर्व सूचना के तेहरान पहुंचे थे। एक सप्ताह से भी कम समय में यह उनकी दूसरी यात्रा है, जिसका उद्देश्य ईरान और अमेरिका के बीच मतभेदों को कम करना है।
नकवी पहले ही ईरान के शीर्ष नेतृत्व से मिल चुके हैं, जिनमें राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान, ईरान के गृहमंत्री और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
विदेश मंत्री अराघची ने बृहस्पतिवार की सुबह नकवी से मुलाकात कर ईरान-अमेरिका के बीच अप्रत्यक्ष वार्ता पर चर्चा की।
ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी ‘तसनीम’ के मुताबिक, शुक्रवार को पाकिस्तान के गृह मंत्री ने विवादों के समाधान संबंधी प्रस्तावों की समीक्षा करने के लिए अरघची से मुलाकात की।
पाकिस्तान के समाचार चैनल जियो न्यूज ने ईरान की आधिकारिक मीडिया के हवाले से बताया कि नकवी और अराघची ने अमेरिका-ईरान संघर्ष को समाप्त करने के उद्देश्य से विस्तृत प्रस्तावों पर चर्चा की।
चैनल के मुताबिक दोनों नेताओं ने क्षेत्र में दीर्घकालिक स्थिरता और शांति स्थापित करने के लिए संभावित तंत्रों पर भी चर्चा की।
जियो न्यूज ने सूत्रों के हवाले से बताया कि नकवी शुक्रवार को भी तेहरान में रहेंगे और अमेरिका-ईरान के बीच चल रही वार्ता और क्षेत्रीय राजनयिक प्रयासों पर चर्चा से संबंधित कई अहम बैठकें करेंगे।
पाकिस्तान ने आधिकारिक रूप से ईरान में नकवी की गतिविधियों पर कोई टिप्पणी नहीं की है। पाकिस्तान इस महत्वपूर्ण राजनयिक प्रयास पर चुप्पी साधे हुए है।
ईरान की मीडिया ने बृहस्पतिवार को खबर दी थी कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर इस सप्ताह तेहरान का दौरा कर सकते हैं।
भाषा धीरज रंजन
रंजन

Facebook


