विमान से आपात स्थिति में उतरते समय यात्री कैबिन से बैग न ले जायें :आईएटीए

विमान से आपात स्थिति में उतरते समय यात्री कैबिन से बैग न ले जायें :आईएटीए

विमान से आपात स्थिति में उतरते समय यात्री कैबिन से बैग न ले जायें :आईएटीए
Modified Date: June 10, 2026 / 09:44 pm IST
Published Date: June 10, 2026 9:44 pm IST

रियो डी जिनेरियो, 10 जून (भाषा) विमानन कंपनियों के संगठन ‘इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन’ (आईएटीए) ने यात्रियों को जागरूक करने के लिए एक अभियान शुरू करते हुए उन्हें विमानों से आपातस्थिति में उतरते समय केबिन बैग साथ न ले जाने की सलाह दी है।

यह अभियान ‘यूरोपियन यूनियन सेफ्टी एजेंसी’ (ईएएसए) और ‘फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन’ (एफएए) के सहयोग से शुरू किया गया है।

दरअसल हाल के वर्षों में ऐसे मामलों में वृद्धि देखी गई है, जब यात्री विमान से उतरते समय अपना सामान लेने या तस्वीरें खींचने के लिए रुक जाते हैं।

आईएटीए का कहना है कि उतरते समय सामान ले जाने से यात्रियों की आवाजाही धीमी हो सकती है, गलियारे और निकास द्वार अवरुद्ध हो सकते हैं, लोगों के हाथ व्यस्त हो जाते हैं और अन्य यात्रियों को चोट लगने का खतरा बढ़ जाता है।

उसने एक विज्ञप्ति में कहा कि बैग आपातकालीन स्लाइड को नुकसान पहुंचा सकते हैं और निकास मार्ग की रोशनी को भी ढक सकते हैं, जिससे सुरक्षित बाहर निकलने में दिक्कत हो सकती है।

‘जीवन बचाइए, न कि बैग’ नामक यह अभियान आईएटीए की वार्षिक आम बैठक के मौके पर शुरू किया गया। यह बैठक इस सप्ताह रियो डी जिनेरियो में संपन्न हुई।

आईएटीए के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संचालन, सुरक्षा और संरक्षा) निक कैरीन ने कहा कि यदि एक-दो यात्री भी अपना सामान इकट्ठा करने में महज कुछ अतिरिक्त सेंकेंड लगाते हैं, तो इससे कई लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है।

आईएटीए दुनिया की 370 से अधिक विमानन कंपनियों का प्रतिनिधित्व करता है, जिनका वैश्विक हवाई यातायात में लगभग 85 प्रतिशत हिस्सा है। इसके सदस्यों में एअर इंडिया, एअर इंडिया एक्सप्रेस, इंडिगो, स्पाइसजेट और आकासा एअर भी शामिल हैं।

भाषा राजकुमार सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में