फिलीपीन के सीनेटर ने हत्याओं के मामले में आईसीसी के गिरफ्तारी आदेश के खिलाफ लड़ने का संकल्प लिया
फिलीपीन के सीनेटर ने हत्याओं के मामले में आईसीसी के गिरफ्तारी आदेश के खिलाफ लड़ने का संकल्प लिया
मनीला, 12 मई (एपी) मानवता के विरुद्ध कथित अपराध के लिए अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आईसीसी) द्वारा वांछित फिलीपीन के एक सीनेटर ने मंगलवार को कहा कि वह अभियोजन के लिए उन्हें वैश्विक न्यायाधिकरण में भेजने के किसी भी प्रयास का विरोध करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जब वह देश की पुलिस का नेतृत्व कर रहे थे, तब उन्होंने कभी भी न्यायेतर हत्याओं का समर्थन नहीं किया।
हेग स्थित आईसीसी ने सोमवार को सीनेटर रोनाल्ड डेला रोजा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया। राष्ट्रीय पुलिस बल के पूर्व प्रमुख डेला रोजा ने मादक पदार्थों के विरुद्ध तत्कालीन राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते के अभियानों को सबसे पहले लागू किया था। इसके परिणामस्वरूप हजारों की संख्या में लोग मारे गए, जिनमें ज्यादातर छोटे-मोटे संदिग्ध व्यक्ति शामिल थे।
मूल रूप से नवंबर में जारी किए गए इस वारंट में डेला रोजा पर जुलाई 2016 से अप्रैल 2018 के अंत तक फिलीपीन में कथित तौर पर ‘कम से कम 32 व्यक्तियों’ की हत्या का आरोप लगाया गया है।
डेला रोजा ने पत्रकारों से कहा, ‘‘अगर मुझे किसी बात का जवाब देना है, तो मैं उसका सामना अपनी स्थानीय अदालतों में करूंगा, न कि विदेशियों के सामने।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं सभी कानूनी प्रक्रियाओं का सहारा लूंगा।’’ उन्होंने राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर से आग्रह किया, ‘‘मुझे हेग मत भेजिए।’’
वर्ष 2016 में राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद दुतेर्ते ने अपने करीबी सहयोगी डेला रोजा को राष्ट्रीय पुलिस बल का प्रमुख नियुक्त किया था। पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बर्बर अभियान चलाया था।
एपी संतोष अविनाश
अविनाश

Facebook


