पाकिस्तान में पोलियो टीम पर हमले में पुलिसकर्मी की मौत
पाकिस्तान में पोलियो टीम पर हमले में पुलिसकर्मी की मौत
पेशावर, तीन फरवरी (भाषा) उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में अज्ञात बंदूकधारियों ने पोलियो टीकाकरण टीम को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की जिसमें टीम की सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
यह घटना सोमवार को अफगानिस्तान की सीमा से लगे उत्तरी वजीरिस्तान जिले की मीर अली तहसील में हुई। हमले के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा और पूरे इलाके की घेराबंदी की। क्षेत्र में हमलावरों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया है।
पाकिस्तान में पिछले एक दशक में पोलियो कर्मियों और उनकी सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों पर बार-बार हमले हुए हैं, विशेष रूप से खैबर पख्तूनख्वा के कुछ हिस्सों में। इन खतरों के बावजूद, सरकार कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच देशव्यापी पोलियो अभियान जारी रखे हुए है।
भाषा प्रचेता शोभना
शोभना

Facebook


