पुतिन तनाव कम करने के लिए खाड़ी देशों के नेताओं के साथ निकट संपर्क में हैं : क्रेमलिन
पुतिन तनाव कम करने के लिए खाड़ी देशों के नेताओं के साथ निकट संपर्क में हैं : क्रेमलिन
(विनय शुक्ला)
मॉस्को, तीन मार्च (भाषा) रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन खाड़ी क्षेत्र में संकट को कम करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं और क्षेत्रीय नेताओं के साथ लगातार संपर्क में हैं। क्रेमलिन (रूसी राष्ट्रपति कार्यालय) ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले के बाद तेहरान खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डों और बुनियादी ढांचे पर बड़े पैमाने पर हमले कर रहा है।
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा, ‘‘पुतिन तनाव को कम करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। इस संबंध में हमने कल अपने लगभग सभी वार्ताकारों से चर्चा की।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ईरानी नेतृत्व के साथ कायम संवाद का लाभ उठाते हुए (राष्ट्रपति) पुतिन ईरान में हमारे सहयोगियों को उनके बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों के संबंध में अपनी गहरी चिंता से अवगत कराएंगे।’’
क्रेमलिन के अनुसार, पुतिन ने बहरीन, कतर, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और सऊदी अरब के नेताओं से फोन पर बात की।
सऊदी अरब के युवराज मोहम्मद बिन सलमान के साथ फोन पर हुई बातचीत में पुतिन ने ईरान के खिलाफ अमेरिकी-इजराइली हमले के परिणामस्वरूप क्षेत्र में बिगड़ती स्थिति पर चर्चा की।
क्रेमलिन ने कहा, ‘‘दोनों पक्षों ने संघर्ष के बढ़ने के वास्तविक खतरों पर गंभीर चिंता व्यक्त की, जिसने पहले ही कई अरब देशों को प्रभावित किया है और जिसके विनाशकारी परिणाम हो सकते हैं। इस संदर्भ में, व्लादिमीर पुतिन ने राजनीतिक और राजनयिक माध्यमों से मौजूदा स्थिति के समाधान की तत्काल आवश्यकता पर बल दिया।’’
भाषा शफीक संतोष
संतोष

Facebook


