रूस ने यूक्रेन पर हमला जारी रखा,कीव को भीषण हमले के लिए तैयार रहने की चेतावनी दी
रूस ने यूक्रेन पर हमला जारी रखा,कीव को भीषण हमले के लिए तैयार रहने की चेतावनी दी
कीव, 26 मई (एपी) यूक्रेन की वायुसेना ने मंगलवार को बताया कि रूस ने रात भर में यूक्रेन पर 100 से अधिक ड्रोन और दो बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि मॉस्को द्वारा कीव पर हवाई हमले करने की हालिया धमकी में कुछ भी नया नहीं है।
रूस ने सोमवार को राजनयिक मिशनों के सदस्यों सहित विदेशी नागरिकों से जल्द से जल्द यूक्रेनी राजधानी कीव को छोड़ने का आग्रह किया और निवासियों को सैन्य और सरकारी सुविधाओं से दूर रहने को कहा।
रूस ने कहा कि कीव पर ‘व्यवस्थित हमले’ की तैयारी की जा रही है।
विदेश मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने सोमवार को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से फोन पर बात करते हुए कहा कि अमेरिका को कीव से अपने राजनयिक कर्मचारियों को निकाल लेना चाहिए।
लेकिन रूबियो ने यह नहीं बताया कि विदेश विभाग यह कदम उठाएगा या नहीं। हालांकि, रूबियो ने भारत यात्रा के दौरान चिंता व्यक्त की कि यूक्रेन में जारी‘भयानक’ युद्ध और बढ़ सकता है।
ट्रंप प्रशासन फरवरी 2022 में यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के बाद शुरू हुई लड़ाई को रोकने के लिए एक साल से अधिक समय से प्रयास कर रहा है। लेकिन इस दिशा में अमेरिका को कोई खास सफलता नहीं मिली है और अब वाशिंगटन ईरान युद्ध पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।
किसी भी राजनयिक ने अभी तक कीव से जाने की घोषणा नहीं की है। यूरोपीय संघ, फ्रांस और पोलैंड के प्रतिनिधिमंडलों ने सार्वजनिक रूप से कहा कि वे कीव नहीं छोड़ेंगे।
यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने सोमवार देर रात एक बयान में कहा कि रूस द्वारा कीव और अन्य यूक्रेनी शहरों के लिए उत्पन्ना सुरक्षा खतरों का स्तर ‘पिछले वर्षों और महीनों’ जैसा ही बना हुआ है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि रूस की बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने के लिए यूक्रेन को जिन अत्याधुनिक अमेरिका निर्मित वायु रक्षा प्रणालियों की आवश्यकता है, वे ईरान युद्ध के कारण अपर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
जेलेंस्की ने सोमवार देर रात सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘दुर्भाग्य से बैलिस्टिक मिसाइल रोधी वायु रक्षा प्रणालियों के उत्पादन को बढ़ाने के लिए अमेरिका के साथ लंबे समय से कोई प्रगति नहीं हुई है।’’ उन्होंने कहा कि कीव पर्याप्त मात्रा में अपनी बैलिस्टिक रोधी क्षमताओं को बेहतर बनाने के लिए यूरोप के साथ मिलकर काम कर रहा है।
एपी संतोष माधव
माधव

Facebook


