रूस ने ब्रिटेन के राजनयिक को जासूसी के आरोप में निष्कासित किया

रूस ने ब्रिटेन के राजनयिक को जासूसी के आरोप में निष्कासित किया

रूस ने ब्रिटेन के राजनयिक को जासूसी के आरोप में निष्कासित किया
Modified Date: March 30, 2026 / 04:50 pm IST
Published Date: March 30, 2026 4:50 pm IST

(विनय शुक्ला)

मास्को, 30 मार्च (भाषा) रूस ने ब्रिटेन के एक राजनयिक को जासूसी के आरोप में सोमवार को निष्कासित कर दिया और उसे दो सप्ताह के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया है। संघीय सुरक्षा सेवा (एफएसबी) ने यह जानकारी दी।

एफएसबी (सोवियत काल में केजीबी के नाम से मशहूर) ने कहा, ‘‘ब्रिटेन के राजनयिक जेन्स वान रेंसबर्ग की (राजनयिक) मान्यता रद्द करने का निर्णय लिया गया है और उन्हें दो सप्ताह के भीतर रूस छोड़ने का आदेश दिया गया है।”

रूस के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को रूस में ब्रिटेन की कार्यवाहक राजदूत डैनी ढोलकिया को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। यह कार्रवाई उस खुलासे के बाद की गई, जिसमें कहा गया है कि ब्रिटिश दूतावास के एक राजनयिक कर्मचारी ने देश में प्रवेश करते समय अपने बारे में जानबूझकर गलत जानकारी दी थी।

एफएसबी ने कहा कि अपनी ‘काउन्टर इंटेलीजेंस’ गतिविधियों के दौरान, उसने मॉस्को स्थित ब्रिटिश दूतावास की आड़ में ब्रिटेन की एक अघोषित खुफिया उपस्थिति का पता लगाया है।

रूस के विदेश मंत्रालय ने कहा, “रूसी कानून के उल्लंघन के कारण और राजनयिक संबंधों पर 1961 की वियना संधि के अनुच्छेद नौ के अनुसार, ब्रिटेन को इस व्यक्ति की मान्यता रद्द किए जाने की सूचना दे दी गई है।”

रूस के विदेश मंत्रालय के अनुसार, एफएसबी की जांच में यह सामने आया कि द्वितीय सचिव ने वीज़ा आवेदन में जानबूझकर गलत जानकारी दी थी, जो रूसी कानून का सीधा उल्लंघन है।

इसके अतिरिक्त, एजेंसी ने रेंसबर्ग की “खुफिया” और “विध्वंसकारी गतिविधियों” में संलिप्तता के संकेत भी पाए, जिनसे रूस की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा हो गया था।

इससे पहले, जनवरी में रूस ने ब्रिटिश दूतावास के द्वितीय सचिव को जासूसी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में निष्कासित कर दिया था।

भाषा रंजन दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में