रूस ने नाटो के खिलाफ तनाव कम करने का जर्मनी का आह्वान ठुकराया, यूक्रेन में छह की मौत

Ads

रूस ने नाटो के खिलाफ तनाव कम करने का जर्मनी का आह्वान ठुकराया, यूक्रेन में छह की मौत

  •  
  • Publish Date - September 27, 2026 / 10:24 PM IST,
    Updated On - September 27, 2026 / 10:24 PM IST

कीव, 27 सितंबर (एपी) रूस की ओर से यूक्रेन पर शनिवार रात और रविवार सुबह किए गए हवाई हमलों में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। ये हमले रूस के नाटो (उत्तर एटलांटिक संधि संगठन) के खिलाफ तनावपूर्व कार्रवाई में कमी लाने के जर्मनी के आह्वान को नजरअंदाज करने के कुछ घंटे बाद किए गए।

रूस के शीर्ष राजनयिक ने शनिवार को अपने जर्मन समकक्ष के साथ हुई उस बैठक को ज्यादा अहमियत नहीं दी, जिसे 2022 में यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के बाद दोनों देशों के बीच पहली आमने-सामने की बैठक माना जा रहा है। यह बैठक संयुक्त राष्ट्र महासभा में दुनिया भर के नेताओं के सालाना जमावड़े के दौरान हुई, जब रूस और यूक्रेन के बीच हवाई युद्ध तेज होता जा रहा है और उसके थमने के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं।

हाल के हफ्तों में रूस और जर्मनी के रिश्तों में तनाव बढ़ा है। इसकी वजह पिछले महीने लीपजिग हवाईअड्डे पर हुआ ड्रोन हमले का प्रयास है, जिसके लिए बर्लिन ने क्रेमलिन (रूसी राष्ट्रपति का आधिकारिक निवास एवं कार्यालय) को जिम्मेदार ठहराया था।

यूक्रेन की आपातकालीन सेवा ने बताया कि कीव में एक रूसी ड्रोन ने शनिवार रात एक गैर-रिहायशी इमारत को निशाना बनाया, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई।

स्थानीय प्रशासन प्रमुख तैमूर तकाचेंको के मुताबिक, रविवार को कीव के बाहरी इलाके में रूस के ड्रोन हमलों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए।

तकाचेंको ने बताया कि विशनेवे में रूसी हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए, जबकि पांच वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। उन्होंने बताया कि फास्टिव शहर के पास रूसी हमले में खिड़कियां बनाने वाली एक फैक्टरी का एक सुरक्षा कर्मी घायल हो गया।

क्रेमलिन की ओर से नियुक्त मेयर मैक्सिम पुखोव के अनुसार, रूस के कब्जे वाले यूक्रेन के एनरहोदार शहर में रविवार को कीव की सेना के हमले में एक आम महिला की मौत हो गई। एनरहोदार में ही यूरोप का सबसे बड़ा परमाणु संयंत्र भी है।

पुखोव ने बताया कि यूक्रेन के ड्रोन हमले में दो अन्य लोग घायल भी हुए हैं।

स्थानीय सैन्य प्रमुख ओलेह किपर ने बताया कि रूसी सेना ने यूक्रेन के दक्षिणी ओडेसा इलाके पर भी कई हमले किए, जिनमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।

क्षेत्रीय प्रशासन के प्रमुख ओलेह ग्रिहोरोव ने बताया कि रविवार दोपहर उत्तरी यूक्रेन के सुमी शहर में रूसी बम हमले में एक महिला और 16 साल की एक लड़की की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि इस हमले में पांच अन्य लोग घायल भी हुए।

एपी पारुल नरेश

नरेश