लाहौर, 27 सितंबर (भाषा) पाकिस्तान के लाहौर में तीन पुरुषों ने 20 वर्षीय अजरबैजानी महिला को डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी इलाके में स्थित एक फ्लैट में ले जाकर उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने तीनों संदिग्धों के खिलाफ मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी की पहचान कर ली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस अधिकारी अंजुम बशीर ने बताया कि महिला व्यापारिक उद्देश्य से दो सप्ताह से अधिक समय पहले बाकू से पाकिस्तान आई थी और लाहौर के रायविंड इलाके में रह रही थी।
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर की रात करीब 11 बजे दो महिलाएं उसे डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी क्षेत्र के एक कैफे में ले गईं, जहां बाद में तीन पुरुष भी आ गए।
पुलिस के अनुसार, बाद में तीनों ने महिला को अपनी गाड़ी से छोड़ने की पेशकश की। आरोप है कि वे उसे एक फ्लैट में ले गए, जहां उन्होंने उसे नशीला पदार्थ देकर उसका यौन उत्पीड़न किया।
बाद में संदिग्धों ने पीड़िता को लाहौर के गाजी इंटरचेंज के पास छोड़ दिया गया और कथित तौर पर उसका आईफोन भी छीन लिया।
बशीर ने बताया कि अपराध में इस्तेमाल किया गया वाहन मुख्य आरोपी के एक रिश्तेदार के घर से बरामद किया गया है।
पुलिस मामले में उक्त दो महिलाओं की भूमिका की भी जांच कर रही है, जो पीड़िता को कैफे ले गई थीं।
उसने बताया कि महिला की चिकित्सीय जांच की जा चुकी है, जबकि पाकिस्तान दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा प्रचेता दिलीप
दिलीप