रूसी ड्रोन के हमले से यूक्रेन में अपार्टमेंट एवं कार्यालयों को पहुंचा नुकसान, सात लोगों की मौत
रूसी ड्रोन के हमले से यूक्रेन में अपार्टमेंट एवं कार्यालयों को पहुंचा नुकसान, सात लोगों की मौत
कीव, 28 सितंबर (एपी) रूस द्वारा यूक्रेन के विभिन्न ठिकानों पर 24 घंटे लगातार की जा रही लक्षित बमबारी में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
मॉस्को की सेना ने मध्य कीव में अपार्टमेंट, कार्यालयों, डेटा केंद्रों और यूक्रेन की राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी की एक इमारत पर भीषण हमले किए।
शहरों और कस्बों पर रूस के लगातार हो रहे ड्रोन हमलों का उद्देश्य यूक्रेन के प्रतिरोध को कमजोर करना और अर्थव्यवस्था को पंगु बनाना है।
ये हमले संयुक्त राष्ट्र में एक सप्ताह तक चले कूटनीतिक प्रयासों के बाद हो रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र में किए गए कूटनीतिक प्रयासों का उद्देश्य यूक्रेन पर साढ़े चार साल पहले शुरू किए गए मॉस्को के हमलों पर विराम लगाना और बातचीत को आगे बढ़ाना था।
रूस की सरकार के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने सोमवार को संकेत दिया कि हालिया यूक्रेनी हमलों के बाद शांति समझौता की दिशा में कोई तेज प्रगति होने की संभावनाएं धूमिल हैं। इन हमलों में रूस में हाल में हुए संसदीय चुनावों के दौरान किए गए हमले भी शामिल हैं।
पेस्कोव ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हाल के महीनों में जो कुछ हुआ है, उसके लिए यूक्रेन को कीमत चुकानी होगी। यह अभी चल रहा है।’’
रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी सेना ने कीव में दो डेटा केंद्रों के साथ-साथ यूक्रेन की राजधानी में गैस स्टेशनों को भी निशाना बनाया। उसने कहा कि दक्षिणी शहर ओडेसा में नोवा पोश्ता डाक सेवा के एक वितरण केंद्र पर भी हमला किया गया।
मंत्रालय ने कहा कि रूसी सेना ने काला सागर में एक मालवाहक जहाज और यूक्रेन के चोर्नोमोर्स्क बंदरगाह में एक अन्य मालवाहक जहाज को भी निशाना बनाया।
इन हमलों का उद्देश्य यूक्रेन के अनाज निर्यात को रोकना है, हालांकि इससे उन देशों में खाद्य वस्तुओं की कमी भी पैदा हो सकती है, जो यूक्रेन से आयात पर निर्भर हैं।
रूस के हवाई हमले नियमित रूप से नागरिक इलाकों को निशाना बना रहे हैं। हालांकि मॉस्को का दावा है कि वह केवल सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहा है।
भाषा तान्या माधव
माधव
माधव

Facebook


