लंदन, तीन फरवरी (एपी) इंग्लैंड के यॉर्क की पूर्व ‘डचेस’ सारा फर्ग्यूसन द्वारा स्थापित धर्मार्थ संस्था, मानव तस्करी के मामले में दोषी करार दिये गए कारोबारी जेफरी एपस्टीन के साथ उनकी गहरी दोस्ती को दर्शाने वाले ईमेल सामने आने के बाद अस्थायी रूप से बंद हो गई है।
महिलाओं और बच्चों के जीवन को बेहतर बनाने पर केंद्रित सारा ट्रस्ट ने अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी नवीनतम दस्तावेजों में हुए खुलासों के बाद ‘‘निकट भविष्य’’ के लिए बंद रहने की घोषणा की है।
फर्ग्यूसन, पूर्व राजकुमार एंड्रयू की पूर्व पत्नी हैं, जिन्हें एप्स्टीन से संबंधों के कारण उनकी शाही उपाधियों से वंचित कर दिया गया था।
सोमवार देर रात जारी एक बयान में ट्रस्ट ने कहा, ‘‘हमारी अध्यक्ष सारा फर्ग्यूसन और न्यासी मंडल ने खेद के साथ यह निर्णय लिया है कि यह संस्था निकट भविष्य में बंद रहेगी। इस पर कुछ महीनों से विचार-विमर्श किया जा रहा था और प्रक्रिया जारी थी।’’
शुक्रवार को जारी किये गए ईमेल से पता चला कि एक लड़की से वेश्यावृत्ति करवाने के आरोप में 2008 में दोषी करार दिये जाने के बाद भी एप्स्टीन के साथ लंबे समय तक फर्ग्यूसन संपर्क में रहीं। ईमेल के आदान-प्रदान में, फर्ग्यूसन ने एप्स्टीन को ‘‘महान’’ और ‘‘ऐसा भाई, जिसकी मैंने हमेशा कामना की’’ कहकर संबोधित किया था।
उक्त ईमेल उन फाइलों का हिस्सा है जिन्हें अमेरिकी न्याय विभाग ने शुक्रवार को सार्वजनिक किया था।
एपी सुभाष नरेश
नरेश